पान तुलसी से लेकर लेमनग्रास तक आमलोग के लिए भी है उपलब्ध, CSIR-CIMAP का दो दिवसीय राष्ट्रीय किसान मेला आज से
लखनऊ, अमृत विचार : आज से देशभर के किसान सीएसआईआर-सीमैप में आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय किसान मेले में जुट रहे हैं। इस अवसर पर किसानों को प्रशिक्षण देने के साथ-साथ उन्नत किस्म के पौधों का वितरण भी किया जाएगा। आम लोग भी मेले का भ्रमण कर सकेंगे और उन्नत पौधों की खरीद कर सकेंगे। मेले में गुड़हल के आकार के गुलाब से लेकर मच्छर भगाने वाले पौधे तक उपलब्ध रहेंगे। यह मेला औषधीय एवं सुगंधित फसलों, किसान समृद्धि, मूल्य संवर्धन और कृषि उद्यमिता पर केंद्रित है। इसके साथ ही महिलाओं के लिए अगरबत्ती, गुलाब जल जैसे उत्पादों के निर्माण का प्रशिक्षण भी आयोजित किया जा रहा है।
आज और कल चलने वाले इस राष्ट्रीय किसान मेले की खास बात यह है कि इसमें आम लोग भी भाग ले सकते हैं और सीधे खरीदारी कर सकते हैं। देश के 25 राज्यों से आए पांच हजार से अधिक किसानों को प्रशिक्षण देने के साथ-साथ कृषि उत्पादों की बिक्री भी की जाएगी। इसके अलावा संस्थान के वैज्ञानिकों द्वारा विकसित पुष्पों और वनस्पतियों की कई उन्नत किस्में भी सभी के लिए उपलब्ध रहेंगी। दो दिवसीय किसान मेले में नए विकसित लेमनग्रास और अरकरा की प्रजातियों का विमोचन किया जाएगा, साथ ही कुछ नए एमओयू भी किए जाएंगे।
