अंतिम पंक्ति तक पहुंचे बेहतर इलाज की सुविधा : ब्रजेश पाठक

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता समाज के अंतिम व्यक्ति तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है। उन्होंने बताया कि इसी उद्देश्य के तहत गुरु गोरखनाथ स्वास्थ्य सेवा यात्रा 6.0 की शुरुआत की गई है, जिसके माध्यम से भारत-नेपाल सीमा से सटे थारू बाहुल्य इलाकों में निःशुल्क चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। 

गुरुवार को डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान में आयोजित उद्घाटन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि यह यात्रा जनसेवा का सशक्त माध्यम बन रही है। इसके अंतर्गत महाराजगंज, बलरामपुर, लखीमपुर खीरी, सिद्धार्थनगर, पीलीभीत, श्रावस्ती और बहराइच जनपदों में स्वास्थ्य शिविर लगाए जाएंगे।

 6 से 8 फरवरी तक चलने वाले इन शिविरों में विशेषज्ञ चिकित्सक जरूरतमंद लोगों का निःशुल्क उपचार करेंगे। इस अवसर पर चिकित्सकों के दल को संबंधित जिलों के लिए रवाना करने वाली बसों को हरी झंडी दिखाई गई। साथ ही डॉक्टरों को विश्व की सबसे छोटी "स्पंदन ईसीजी मशीन" भी वितरित की गई।

ब्रजेश पाठक ने बताया कि यह मशीन बिना बैटरी और इंटरनेट के भी काम करती है, जिससे दूर-दराज़ क्षेत्रों में त्वरित और सटीक जांच संभव हो सकेगी। गौरतलब है कि कार्यक्रम का आयोजन नेशनल मेडिकोज ऑर्गेनाइजेशन (अवध एवं गोरक्ष प्रांत) तथा श्रीगुरु गोरखनाथ सेवा न्यास के सहयोग से किया गया। 

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि सेवा, समर्पण और नवाचार से जुड़ी यह पहल "सबका स्वास्थ्य, सबका सम्मान" के संकल्प को और मजबूत करेगी। उन्होंने इस अभियान से जुड़े सभी चिकित्सकों, आयोजकों और स्वयंसेवकों को बधाई देते हुए सफल आयोजन की शुभकामनाएं दीं। 

संबंधित समाचार