Mathura Police : मथुरा में हनीट्रैप का खेल, चौकी इंचार्ज और सिपाही सस्पेंड
मथुरा। मथुरा में फरह थाना क्षेत्र की ओल पुलिस चौकी इलाके में हनीट्रैप के जरिए लाखों रुपये की उगाही का सनसनीखेज मामला सामने आया है। प्रकरण में चौकी इंचार्ज और एक सिपाही को निलंबित कर दिया गया है, जबकि ग्राम प्रधान समेत पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
आगरा के जगदीशपुरा निवासी जगदीश सिंह ने आरोप लगाया कि रेल विकास निगम से जमीन अधिग्रहण का मुआवजा मिलने की जानकारी के आधार पर सपना उर्फ राजवाला और श्याम जाट ने उन्हें जाल में फंसाया। आरोप है कि ओल के हिस्ट्रीशीटर ग्राम प्रधान खूबीराम के साथ मिलकर एक मकान में बुलाया गया, जहां महिला के साथ आपत्तिजनक वीडियो बनाकर ब्लैकमेल किया गया।
इसके बाद चौकी से पहुंचे पुलिसकर्मियों ने उन्हें बंधक बनाकर दुष्कर्म के मुकदमे में फंसाने की धमकी दी और पांच लाख रुपये की मांग की। पीड़ित के अनुसार, दबाव में आकर उसने एक लाख रुपये दे दिए, जबकि शेष रकम बाद में देने का आश्वासन दिया।
पुलिस क्षेत्राधिकारी अनिल कपरबान ने बताया कि शिकायत के आधार पर ग्राम प्रधान, महिला, चौकी इंचार्ज और एक अज्ञात कांस्टेबल के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। दोनों पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है और आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।
