Uttar Pradesh tableau 2026: कर्तव्य पथ पर चमकी उत्तर प्रदेश की झांकी, पॉपुलर च्वॉइस में मिला दूसरा स्थान
लखनऊ, अमृत विचार: विकास पथ पर अग्रसर प्रदेश को गणतंत्र दिवस परेड में एक बार फिर राष्ट्रीय सम्मान मिला है। नई दिल्ली के कर्तव्य पथ पर आयोजित परेड में प्रदेश की झांकी ने पॉपुलर च्वॉइस श्रेणी में द्वितीय पुरस्कार प्राप्त किया। यह उपलब्धि लगातार 7वें वर्ष प्रदेश को मिली, जिससे उत्तर प्रदेश की सृजनात्मक पहचान और मजबूत हुई।
कुल 30 झांकियों के बीच लोकप्रियता के आधार पर उत्तर प्रदेश दूसरे स्थान पर रहा। राष्ट्रीय रंगशाला शिविर में हुए पुरस्कार वितरण समारोह में सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के अपर निदेशक अरविंद कुमार मिश्र को केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने प्रशस्ति पत्र व स्मृति चिन्ह प्रदान किया। परेड में 17 राज्यों/केंद्रशासित प्रदेशों और 13 मंत्रालयों की झांकियां शामिल थीं। ‘समृद्धि का मंत्र-आत्मनिर्भर भारत’ थीम पर आधारित झांकी में बुंदेलखंड की सांस्कृतिक विरासत और आधुनिक उत्तर प्रदेश की विकास यात्रा का संतुलित चित्र प्रस्तुत किया गया। कालिंजर दुर्ग की शैलकला, एकमुख लिंग, मृद्भांड कला, मनका शिल्प, पारंपरिक हस्तशिल्प के साथ एक जनपद एक उत्पाद, ब्रह्मोस मिसाइल, एक्सप्रेसवे नेटवर्क और आधुनिक अवसंरचना की झलक ने दर्शकों का ध्यान खींचा।
