Bareilly : पुरानी पेंशन बहाली और टैक्स में राहत पर टिकी निगाहें
बरेली, अमृत विचार। आम बजट से राज्य कर्मचारी पुरानी पेंशन योजना की बहाली व टैक्स में राहत मिलने की आस लगाए बैठे हैं। विभिन्न कर्मचारी संगठनों का कहना है कि पुरानी पेंशन केवल मांग नहीं, बल्कि लाखों कर्मचारियों के जीवन और सम्मान का सवाल बन चुकी है।
केंद्र सरकार को इस बजट में कर्मचारियों की वर्षों पुरानी इस मांग पर गंभीरता से विचार करना चाहिए। साथ ही आठवें वेतन आयोग की सिफारिशों को लागू करने, आयकर में राहत देने और महंगाई के बोझ को कम करने की भी अपेक्षा जताई जा रही है। सभी को उम्मीद है कि केंद्रीय वित्त मंत्री बजट में ख्याल अवश्य रखेंगी।
ग्राम विकास अधिकारी संघ जिलाध्यक्ष सुरेंद्रवीर ने बताया कि आम बजट में पुरानी पेंशन बहाली की मांग पर गंभीरता से ध्यान देना चाहिए, क्योंकि यह देश भर के कर्मचारियों के जीवन से जुड़ी है। हमें उम्मीद है कि केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण हमारी इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए उसको हल कराने का काम करेंगी।
उत्तर प्रदेश ग्राम पंचायत अधिकारी संघ प्रांतीय मंत्री जितेंद्र गंगवार ने बताया कि केंद्र सरकार के साथ राज्य सरकार के समक्ष समय-समय पर कर्मचारियों के हितों की मांगें उठाते रहे हैं। हमें उम्मीद है कि कर्मचारियों के हितों का ख्याल इस बजट में रखा जाएगा। कर्मचारियों को टैक्स में राहत प्रदान करने के साथ ही पुरानी पेंशन की बहाली पर गौर करें, ताकि हम सभी का हित हो सके।
राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद जिलाध्यक्ष हरीश गंगवार ने बताया कि इस बजट में पूरे देश में आठवें वेतन आयोग की सिफारिशों को लागू करने का प्रावधान होना चाहिए, तभी कर्मचारियों का हित संभव हो सकेगा। पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर दिल्ली तक आंदोलन किए गए। इस बजट से हम सभी कर्मचारियों की ओर ध्यान दिए जाने की उम्मीद है।
उत्तर प्रदेश पंचायती राज ग्रामीण सफाई कर्मचारी संघ जिलाध्यक्ष रामलाल कश्यप ने बताया कि पुरानी पेंशन पर केंद्र सरकार को ध्यान देना चाहिए। इसके साथ आठवें वेतन आयोग की सिफारिशें लागू होने के साथ टैक्स में छूट का भी प्रावधान होना चाहिए। एक फरवरी को आने वाले बजट में कुछ इस तरह का प्रावधान किया जाए, जिसमें हम सभी कर्मचारियों का हित हो सके।
