Bareilly : सेवानिवृत्त सैनिक को भी कन्हैया गुलाटी ने ठगा, 22 लाख हड़पे
बरेली, अमृत विचार। कन्हैया गुलाटी की कैनविज कंपनी ने भारतीय सेना से सेवानिवृत्त से भी लाखों रुपये की ठगी कर ली। पैसा वापस मांगने पर जान से मारने की धमकी दी गई। इसके बाद पीड़ित ने बारादरी पुलिस से मामले की शिकायत की। बारादरी पुलिस ने कन्हैया गुलाटी समेत 9 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करके मामले की जांच शुरू कर दी है।
बारादरी थाना क्षेत्र के नवादा शेखान निवासी दीपक गंगवार ने बताया कि उसके पिता रामकुमार भारतीय सेना से सेवानिवृत्त वरिष्ठ नागरिक हैं। उनकी उम्र 66 साल है। कैनविज कंपनी में निवेश के नाम पर 22 लाख रुपये कंपनी में लगाए थे। कंपनी में पैसा लगाने के बाद आरोपियों ने 7 प्रतिशत मासिक रिर्टन समेत अन्य योजनाओं का झांसा दिया था, लेकिन 9 माह से एक भी रुपये का भुगतान नहीं किया है। पैसे मांगने पर आरोपी टालमटोल करने लगे।
आरोपियों ने अपने मोबाइल नंबर भी बंद कर दिए। इसके बाद वह आदित्य सक्सेना के घर पर गया। वहां पर लोगों ने उसे घर में खींचकर मारपीट करने का प्रयास किया। उसके बाद पैसे दोबारा मांगने पर जान से मार देंगे। कन्हैया गुलाटी, प्रमोद सिंह परिहार, नुकता प्रसाद, अनुज कुमार, आदित्य सक्सेना, आचल सक्सेना, जितेन्द्र पटेल, अजीत गंगवार, रेशु गंगवार पर बारादरी पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है।
