Bareilly : सत्ता ने बताया विकासोन्मख मगर विपक्ष को रास नहीं आया बजट 

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

बरेली, अमृत विचार। केंद्र सरकार का आम बजट सत्ता पक्ष को विकासोन्मुख और दूरदर्शी नजर आया, वहीं विपक्ष ने इसे आम जनता विरोधी बताते हुए तीखा हमला बोला। सरकार और उसके समर्थकों का दावा है कि बजट में कर सुधार, निवेश प्रोत्साहन, इंफ्रास्ट्रक्चर, एमएसएमई और स्टार्टअप्स पर फोकस कर देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में ठोस कदम उठाए गए हैं। वहीं विपक्ष का आरोप है कि बजट में महंगाई, बेरोजगारी और मध्यम वर्ग की समस्याओं को नजरअंदाज किया गया है

मेयर डा. उमेश गौतम ने कहा कि बजट विकसित भारत की उड़ान को पंख देने वाला है। बजट में फार्मास्यूटिकल्स संस्थान, केमिकल पार्क और बालिकाओं के लिए हॉस्टल निर्माण जैसे कदम उठाए गए हैं। इस सर्वसमावेशी और दूरदर्शी बजट के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को बधाई देता हूं। जिला पंचायत अध्यक्ष रश्मि पटेल ने बताया कि बजट विकसित भारत और प्रधानमंत्री के नए और ऊर्जावान भारत के सपने को पूरा करने के संकल्प के लिए है।

 हर क्षेत्र का समुचित अध्ययन करने के बाद एक नया नक्शा तैयार किया गया है। यह एक समग्र बजट है जो न केवल भारत को आत्मनिर्भर बनाएगा बल्कि इसे विश्वगुरु के रूप में स्थापित करेगा। जिलाध्यक्ष अपना दल (एस) - एडवोकेट अनुज ने बताया कि बजट विकसित भारत के लक्ष्य की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इस बजट में समाज के सभी वर्गों का संतुलित रूप से ध्यान रखा गया है। विकास, निवेश और जनकल्याण के बीच संतुलन बनाते हुए यह बजट देश को आत्मनिर्भर और समृद्ध बनाने की दिशा में आगे बढ़ने का भरोसा देता है। 

महानगर अध्यक्ष सपा शमीम खां सुल्तानी ने कहा कि बजट में बड़े-बड़े ऐलान आम आदमी, किसान, युवाओं और मध्यम वर्ग की मुख्य समस्याओं जैसे बेरोजगारी, महंगाई और असमानता पर कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। यह बजट कॉर्पोरेट परस्त और जन विरोधी है। बजट में महंगाई पर लगाम लगाने या आयकर में छूट देने का कोई प्रावधान नहीं है। पूर्व जिलाध्यक्ष, सपा शिवचरन कश्यप ने बताया कि बजट आम जनता के साथ एक और धोखा है। 

बढ़ती महंगाई, रिकॉर्ड बेरोज़गारी, किसानों की लगातार उपेक्षा और युवाओं के भविष्य पर सरकार पूरी तरह विफल रही है। यह बजट न राहत देता है, न भरोसा जगाता है सिर्फ जुमलों और आंकड़ों का खेल बनकर रह गया है। सपा प्रदेश प्रवक्ता मुहम्मद साजिद ने कहा कि यह बजट आम जनता नहीं बल्कि केवल पांच प्रतिशत अमीर वर्ग के हित में बनाया गया है। सरकार गरीब, किसान और मिडिल क्लास से वोट लेकर उद्योगपतियों को लाभ पहुंचा रही है। महंगाई, रोजगार, शिक्षा और किसान समस्याओं पर बजट नहीं था। यह बजट केवल उद्योगपति मित्रों का बजट रहा।

जिलाध्यक्ष, बसपा डा. जयपाल सिंह ने कहा कि बजट में योजनाओं और परियोजनाओं के नाम तो बड़े-बड़े हैं, लेकिन, जमीनी परिणाम छोटे नजर आते हैं। बजट में महंगाई पर लगाम लगाने या आयकर में छूट देने का कोई प्रावधान नहीं है। यह बजट शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार गारंटी जैसे बुनियादी मुद्दों पर मौन है। सांसद आंवला नीरज मौर्य ने बताया कि बजट में सरकार ने उत्तर प्रदेश राज्य पर एक बार भी ध्यान नहीं दिया, जो इतना बड़ा राज्य है। जहां किसान, मजदूर और गरीब लोग रहते हैं। मुझे लगता है कि देश के गरीब, कमजोर और आम लोग निराश हुए हैं। जैसा कि आप देख सकते हैं, शेयर बाजार धराशायी हो गया है और कमोडिटी बाजारों को भारी नुकसान हुआ है। 

संबंधित समाचार