बरेली: सामूहिक मिनी ग्रीन ट्यूबवेल योजना से लाभान्वित होंगे किसान
अमृत विचार, बरेली। सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए प्रदेश सरकार ने मिनी ग्रीन ट्यूबवेल योजना की शुरूआत की है। इससे जहां किसानों को लाभ होगा। वहीं, बिजली की खपत भी कम होगी। इस योजना के तहत किसानों को ट्यूबवेल लगवाने पर सब्सिडी भी दी जाएगी। इस योजना के तहत जिले के हजारों किसानों …
अमृत विचार, बरेली। सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए प्रदेश सरकार ने मिनी ग्रीन ट्यूबवेल योजना की शुरूआत की है। इससे जहां किसानों को लाभ होगा। वहीं, बिजली की खपत भी कम होगी। इस योजना के तहत किसानों को ट्यूबवेल लगवाने पर सब्सिडी भी दी जाएगी। इस योजना के तहत जिले के हजारों किसानों को लाभ मिलेगा।
इस योजना के तहत बनाए जाने वाले ट्यूबवेल की कीमत 4.69 लाख रुपये है। एक ट्यूबवेल दस किसानों के समूह में बनाया जाएगा। जिले में 10 ट्यूबवेल बनाए जाएंगे। सरकार ने इसे पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर शुरू किया है। यह योजना 2020-21 तक के लिए है। इसके बाद समाप्त हो जाएगी। योजना के तहत बनाए जाने वाले ट्यूबवेल से जहां दस किसान अपने अपने खेत की सिंचाई कर सकेंगे। वहीं, इससे उनकी आमदनी भी बढ़ जाएगी। नलकूप विभाग के अधिकारियों ने ग्राम पंचायतों के समूहों से इसके लिए आवेदन मांगे हैं।
मिलेगी सब्सिडी
निजी लघु सिंचाई कार्यक्रम के तहत लगाए जाने वाले सामूहिक ट्यूबवेल को लगाने में 4.69 लाख रुपये खर्च आएगा। इसमें सामान्य श्रेणी के लिए केंद्रांश 73500 रुपये, राज्यांश 2.42 लाख रुपये मिलेगा। किसानों के समूह को 1.54 लाख रुपये अपने पास से लगाना होगा। वहीं, एससी वर्ग के लिए केंद्रांश 73500 रुपये, राज्यांश 2.99 लाख रुपये और कृषक को अपने से 98000 रुपये लगाने होंगे।
कृषि विभाग लगवाएगा सोलर पंप
योजना के तहत सोलर पंप कृषि विभाग की ओर से लगवाएगा। अधिकारियों के अनुसार एक नलकूप एक दिन में छह हेक्टेयर भूमि की सिंचाई कर सकेगा। बोरिंग 69 मीटर गहराई में होगा। पांच हार्स पावर का नलकूप पंप लगाया जाएगा। यह व्यवस्था डार्क जोन में आने वाले ब्लॉकों में लागू नहीं की गई है। जल निगम के अधिकारियों ने बताया कि अब तक उनके पास इस योजना के तहत आवेदन नहीं आए हैं।
