अंतर्राष्ट्रीय वेटलैंड दिवस पर सलारपुर झील में नेचर व बर्ड फेस्टिवल, बच्चों और ग्रामीणों को मिला जैव विविधता का संदेश

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

देवा/बाराबंकी, अमृत विचार। अंतर्राष्ट्रीय वेटलैंड दिवस के अवसर पर देवा रेंज द्वारा सलारपुर झील पर नेचर एवं बर्ड फेस्टिवल का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य आर्द्रभूमियों (वेटलैंड) के संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना और जैव विविधता के महत्व को आम लोगों तक पहुँचाना रहा।

इस आयोजन में सलारपुर झील के आसपास स्थित ग्राम खजुहा, सलारपुर, मुनियापुरवा, ताजपुर सहित अन्य गांवों के ग्रामीणों ने सक्रिय सहभागिता की। वहीं सलारपुर उच्च प्राथमिक विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने भी बड़ी संख्या में भाग लेकर प्रकृति और पक्षियों के बारे में जानकारी प्राप्त की। बच्चों और ग्रामीणों ने झील में मौजूद पक्षियों को नजदीक से देखा और उनके बारे में उत्सुकता के साथ जानकारी ली।

0

कार्यक्रम के दौरान क्षेत्रीय वन अधिकारी देवा मयंक सिंह ने झील में पाए जाने वाले सारस, बगुला, फूदक्की, सीपर, तालबुढ़की, टिटिहरी एवं बाइबल बगुला जैसे पक्षियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि ये पक्षी पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और वेटलैंड के स्वास्थ्य के प्रमुख संकेतक होते हैं। इनके संरक्षण से जैव विविधता को सुरक्षित रखा जा सकता है।

वन अधिकारी द्वारा दी गई जानकारी से बच्चे और ग्रामीण काफी उत्साहित नजर आए और प्रकृति व वन्यजीव संरक्षण के प्रति जागरूक हुए। कार्यक्रम में रामनगर रेंज के वन दरोगा ओ.पी. यादव, उप क्षेत्रीय वन अधिकारी प्रशांत कुमार, वन दरोगा मनोज कुमार, सुभाष श्रीवास्तव, प्रधान पुत्र सलारपुर शान बहादुर सिंह सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

संबंधित समाचार