बाराबंकी में जली झोपड़ी... पशुपालक की मौत, परिवार में कोहराम...पुलिस ने शुरू की जांच   

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

बाराबंकी, अमृत विचार। रविवार को आधी रात के समय पशुओं की निगरानी करने झोपड़ी में सो रहे पशुपालक की जिन्दा जलकर मौत हो गई। आग लगने का कारण पता न चलने से घटना संदिग्ध प्रतीत हो रही। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया, वहीं परिवार में कोहराम मच गया। 

जानकारी के अनुसार यह घटना दरियाबाद थाना क्षेत्र के ग्राम बक्सुपुर मजरे मीनपुर में रविवार की आधी रात को हुई। हादसे में पशुओं की रखवाली कर रहे एक व्यक्ति की जिंदा जलकर मौत हो गई। गांव के बाहर बनी झोपड़ी में अचानक आग लगने से यह हादसा हुआ। मृतक की पहचान बलराम 40 पुत्र स्वामीदीन के रूप में हुई। 

परिजनों के अनुसार बलराम रोज की तरह पशुओं की निगरानी के लिए झोपड़ी में सो रहे थे। रात करीब 12 बजे झोपड़ी में अचानक आग भड़क उठी, जिसने कुछ ही देर में पूरी झोपड़ी को अपनी चपेट में ले लिया। आग और धुएं में फंस गया बलराम बाहर नहीं निकल सका। आग की लपटें देखकर गांव में अफरा-तफरी मच गई। 

ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक झोपड़ी पूरी तरह जल चुकी थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने झोपड़ी के अंदर से जला हुआ शव बरामद किया। घटना की जानकारी मिलने पर नायब तहसीलदार उमेश द्विवेदी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। 

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। इस हादसे से मृतक के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

ये भी पढ़ें :
विदेश में नौकरी का झांसा देकर ठगे लाखों...कराया टॉयलेट साफ, विरोध करने पर पिटाई और कमरे में किया बंद  

संबंधित समाचार