बाराबंकी : सीएम योगी की अपील पर SRMU ने वॉलीबॉल को अपनाया, घोषित किया अपना प्रमुख खेल
युवाओं में खेल और नेतृत्व कौशल को बढ़ावा देना उद्देश्य
बाराबंकी, अमृत विचार। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की शिक्षा संस्थानों में खेलों को बढ़ावा देने की अपील के बाद श्री राम स्वरूप मेमोरियल यूनिवर्सिटी (एसआरएमयू) ने वॉलीबॉल को अपना प्रमुख खेल घोषित किया है। यह पहल युवा प्रतिभाओं को निखारने, अनुशासन सिखाने और राज्य की युवा पीढ़ी को मजबूत बनाने के उद्देश्य से की गई है। इस घोषणा का ऐलान दीन दयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय में पूर्वी क्षेत्र अंतर-विश्वविद्यालय महिला बास्केटबॉल प्रतियोगिता के उद्घाटन के तुरंत बाद हुआ।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन में सभी विश्वविद्यालयों और कॉलेजों से कम से कम एक खेल अपनाने और इससे जुड़ी प्रतिभाओं का पोषण करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं में आत्मविश्वास, चरित्र निर्माण और टीमवर्क की भावना विकसित करते हैं, जो समाज और राष्ट्र को मजबूत बनाते हैं। एसआरएमयू के चांसलर इंजीनियर पंकज अग्रवाल ने कहा कि सीएम योगी के विजन से जुड़कर हम गर्व महसूस कर रहे हैं।
वॉलीबॉल अपनाने से कैंपस में टीमवर्क और नेतृत्व कौशल विकसित होंगे। प्रो-चांसलर इंजीनियर पूजा अग्रवाल ने भी समर्थन जताते हुए कहा कि लड़के और लड़कियों दोनों को समान अवसर दिए जाएंगे और आधुनिक सुविधाओं से वॉलीबॉल को उत्कृष्टता का केंद्र बनाया जाएगा। यूनिवर्सिटी की 5 सदस्यीय खेल समिति ने इस फैसले को मंजूरी दी।
समिति अध्यक्ष और कुलपति डॉ. विजय तिवारी ने बताया कि वॉलीबॉल की पहुंच और टीम भावना इसे प्रमुख खेल बनाने का कारण बनी। विश्वविद्यालय प्रशिक्षण कैंप, टूर्नामेंट और स्कॉलरशिप के जरिए उत्तर प्रदेश की खेल क्रांति में योगदान देगा। एसआरएमयू की यह पहल शिक्षा क्षेत्र में खेलों को मुख्यधारा में लाने और 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
