Moradabad: जीएसटी चोरी के साथ रोडवेज को पहुंचा रहे नुकसान
मुरादाबाद, अमृत विचार। बिलारी क्षेत्र में जीएसटी चोरी की शिकायतें बढ़ रही हैं। बिना वैध बिल और दस्तावेजों के कच्चा माल बसों से दिल्ली के लिए रवाना हो रहा है। इन पर अंकुश नहीं लग रहा है।
यह बसें दिल्ली जाने वाली सवारियां भी ले जा रही है। छत और बस की डिग्गी में सामान ढो रही हैं। वाणिज्य कर विभाग की आंखों में धूल झोंक कर यह काम हो रहा है। स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि नियमों का पालन करने वाले व्यापारियों पर तो सख्ती की जाती है लेकिन जो खुलेआम जीएसटी चोरी कर रहे हैं उनके खिलाफ कार्रवाई नहीं हो रही।
इससे राज्यकर और उत्तर प्रदेश सड़क राज्य परिवहन निगम को प्राइवेट बसों में दिल्ली गाजियाबाद की सवारियों को ढोकर नुकसान पहुंचाया जा रहा है।
संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) संदीप कुमार पंकज ने बताया कि अनाधिकृत तरीके से सवारियां ढोने वाली कई डग्गामार बसों को बंद किया गया है। सामान्य दिनों में डग्गामार बसों बंद कर जुर्माना वसूला गया है। बिलारी में यदि इस तरह बसें सवारियां और माल ढो रही हैं तो उनको बंद किया जाएगा।
