Under-19 World Cup 2026 : एरन जार्ज का शतक, अफगानिस्तान को 7 विकेट से हराकर फाइनल में पहुंचा भारत

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

हरारे। सलामी बल्लेबाज एरन जार्ज (115) के शानदार शतक तथा वैभव सूर्यवंशी (68) और कप्तान आयुष म्हात्रे (62) के आतिशी अर्धशतकों की मदद से भारत अंडर-19 ने अफगानिस्तान को बुधवार को सात विकेट से रौंदकर अंडर-19 विश्व कप के खिताबी मुकाबले में प्रवेश कर लिया। 

अफगानिस्तान ने फैसल शिनोजादा (110 ) और उजैरुल्लाह नियाजई (नाबाद 101) की शानदार शतकीय पारियों के दम पर दूसरे सेमीफाइनल में चार विकेट पर 310 रनों का चुनौतीपूर्ण स्कोर बनाया लेकिन भारतीय बल्लेबाजों ने इस स्कोर को भी छोटा साबित कर दिया। भारत का फ़ाइनल में इंग्लैंड से मुकाबला होगा जिसने कल पहले सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया को हराया था।

प्लेयर ऑफ द मैच जार्ज ने 104 गेंदों पर 115 रन में 15 चौके और दो छक्के लगाए। सूर्यवंशी और जार्ज ने पॉवरप्ले में 90 रन की ओपनिंग साझेदारी कर भारत को आतिशी शुरुआत दी। सूर्यवंशी ने 33 गेंदों पर 68 रन की पारी में नौ चौके और चार छक्के लगाए। कप्तान म्हात्रे ने भी रन गंगा में हाथ धोते हुए 59 गेंदों पर 62 रन में पांच चौके और चार छक्के लगाए। भारत ने 41.1 ओवर में तीन विकेट पर 311 रन बनाकर आसान जीत हासिल कर ली।

भारत ने इस तरह अंडर-19 विश्व कप में रिकॉर्ड चेज हासिल की। इससे पहले आज यहां अफगानिस्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी उस्मान सादत और खालिद अहमदजई की जोड़ी ने पहले विकेट के लिए 53 रन जोड़े। 13वें ओवर में दीपेश देवेंद्रन ने खालिद अहमदजई को आउटकर भारत को पहली सफलता दिलाई।

अहमदजई ने 39 गेंदों में चार चौके और एक छक्का लगाते हुए 31 रन बनाये। तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने आये फैसल शिनोजादा ने उस्मान सादत के साथ पारी को संभाला और दूसरे विकेट के लिए 64 रनों की साझेदारी की। 25वें ओवर में कनिष्क चौहान ने उस्मान सादत को आउटकर पवेलियन भेज दिया। उस्मान सादत ने 70 गेंदों में तीन चौके लगाते हुए 39 रन बनाये।

फैसल शिनोजादा और उजैरुल्लाह नियाजई के बीच तीसरे विकेट के लिए 148 रनों की साझेदारी हुई। 46वें ओवर में दीपेश देवेंद्रन ने फैसल शिनोजादा को आउटकर इस साझेदारी का अंत किया। फैसल शिनोजादा ने 93 गेंदों में 15 चौके लगाते हुए 110 रनों की पारी खेली। 49वें ओवर में कनिष्क चौहान ने अजिजुल्लाह मियाखिल (12) को आउट कर अपना दूसरा विकेट लिया।

अफगानिस्तान ने निर्धारित 50 ओवरों में चार विकेट पर 310 रनों का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया। उजैरुल्लाह नियाजई ने 86 गेंदों में 12 चौके और दो छक्के लगाते हुए नाबाद 101 रनों की पारी खेली। अब्दुल अजीज सात रन बनाकर नाबाद रहे। भारत की ओर से दीपेश देवेंद्रन और कनिष्क चौहान ने दो-दो विकेट लिये।

संबंधित समाचार