मलेशिया जायेंगें PM मोदी, जाकिर नाइक समेत इन द्विपक्षीय संबंधों के सभी पहलुओं पर चर्चा संभव
दिल्ली। भारत ने स्पष्ट किया है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की मलेशिया यात्रा के दौरान वांछित इस्लामिक उपदेशक जाकिर नाइक के प्रत्यर्पण सहित द्विपक्षीय संबंधों के सभी पहलुओं पर चर्चा की जायेगी। विदेश मंत्रालय में सचिव (पूर्व) पी कुमारन ने प्रधानमंत्री की मलेशिया यात्रा की जानकारी देने के लिए गुरुवार को यहां बुलाये गये संवाददाता सम्मेलन में जाकिर नाइक के प्रत्यप्रर्ण से जुड़े सवाल के जवाब में कहा कि यात्रा के दौरान सभी मुद्दों पर चर्चा की जाएगी।
उन्होंने कहा कि प्रत्यर्पण के विषय पर पहले भी अलग-अलग मंच पर और अलग अलग स्तर पर बातचीत हुई है । उन्होंने कहा कि इससे संबंधित तकनीकी प्रक्रिया पूरी होने तक भारत इस मुद्दे को उठाता रहेगा और उम्मीद है कि वांछित परिणाम मिलेंगे। उन्होंने कहा कि श्री मोदी की 7 से 8 फरवरी तक होने वाली यात्रा के दौरान द्विपक्षीय संबंधों के सभी पहलुओं पर चर्चा की जायेगी। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय संबंधों को रणनीतिक साझेदारी के स्तर तक बढाया गया है।
यह प्रधानमंत्री की मलेशिया की तीसरी यात्रा है और 2024 में मलेशियाई प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम की भारत यात्रा के बाद श्री मोदी की मलेशिया की पहली यात्रा है। श्री कुमारन ने कहा कि इस यात्रा के दौरान भारत की 'नेशनल पेमेंट्स कॉर्पोरेशन' (एनपीसीआई) द्वारा डिजिटल भुगतान पर एक समझौते पर भी हस्ताक्षर किए जाने की संभावना है जिसे मुख्य उपलब्धियों में से एक माना जा रहा है। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच संतुलित और सतत तरीके से द्विपक्षीय व्यापार को और अधिक मजबूत करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।
दोनों देश भारत-मलेशिया व्यापक आर्थिक सहयोग समझौते की संयुक्त समीक्षा पर भी चर्चा कर रहे हैं। कुमारन ने कहा कि प्रधानमंत्री मलेशिया में भारतीय समुदाय को भी संबोधित करेंगे जिसकी संख्या लगभग 29 लाख है। उन्होंने कहा कि अन्य प्रतिबद्धताओं के कारण श्री मोदी आसियान शिखर सम्मेलन के लिए मलेशिया की यात्रा नहीं कर सके थे। उन्होंने शिखर सम्मेलन में वर्चुअल रूप से भाग लिया था और प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम से यह वादा किया था कि वह इसकी भरपाई 2026 की शुरुआत में किसी समय व्यक्तिगत रूप से यात्रा कर करेंगे।
ये भी पढ़ें :
Bharat Taxi Launch: अमित शाह लॉन्च करेंगे देश की पहली 'भारत टैक्सी', यात्रियों की सुविधा से लेकर क्या है फायदें, जानें
