लखीमपुर खीरी : रेड मर्करी के नाम पर विदेशी नागरिक से ठगी की साजिश नाकाम, दो आरोपी गिरफ्तार
सोशल मीडिया के जरिए संपर्क में आया था विदेशी नागरिक
लखीमपुर खीरी, अमृत विचार। थाना निघासन क्षेत्र में रेड मर्करी जैसे कथित दुर्लभ और कीमती पदार्थ की आड़ में विदेशी नागरिक से ठगी की साजिश रचने वाले गिरोह का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। निघासन पुलिस ने समय रहते कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया, जबकि उनका एक साथी बाइक लेकर फरार हो गया। पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, दक्षिण कोरिया का एक युवक सोशल मीडिया के जरिए आरोपियों के संपर्क में आया था। आरोपियों ने उसे रेड मर्करी होने का दावा करते हुए भारी रकम में सौदा तय करने का झांसा दिया। आरोपियों के बहकावे में आकर विदेशी नागरिक गुरुवार को लखनऊ अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचा, जहां से उसने कैब बुक कर निघासन कस्बे के ढखेरवा रोड स्थित एक ढाबे पर पहुंचकर आरोपियों से मुलाकात की। बताया जा रहा है कि ढाबे पर बातचीत के दौरान आरोपी युवक से बड़ी रकम ऐंठने की तैयारी कर रहे थे। इसी बीच किसी माध्यम से निघासन पुलिस को मामले की सूचना मिल गई।
सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक महेश चंद्र के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर छापा मार दिया। पुलिस को देखकर आरोपी घबरा गए, जिसमें थाना पढुआ क्षेत्र के गांव सोठियाना निवासी वसीक और रिहान को मौके से पकड़ लिया गया, जबकि उनका तीसरा साथी कल्लू बाइक लेकर फरार होने में सफल रहा। पुलिस गिरफ्तार दोनों आरोपियों और दक्षिण कोरियाई नागरिक को थाने ले आई, जहां उनसे पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपी रिहान ने बताया कि उसकी विदेशी नागरिक से रेड मर्करी को लेकर इंटरनेट और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से बातचीत हुई थी। उसने यह भी स्वीकार किया कि इसी बातचीत के आधार पर विदेशी नागरिक को निघासन बुलाया गया था। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि आरोपियों के पास वास्तव में कोई संदिग्ध पदार्थ था या नहीं, अथवा यह पूरी तरह से ठगी की योजना थी। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि कहीं यह गिरोह पहले भी इस तरह की घटनाओं को अंजाम तो नहीं दे चुका है। प्रभारी निरीक्षक महेश चंद्र ने बताया कि विदेशी नागरिक से जुड़े दस्तावेजों की जांच की जा रही है। फरार आरोपी कल्लू की गिरफ्तारी के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है।
