कौशल के दम पर विदेश की राह, इजरायल रोजगार के लिए 2260 युवाओं का चयन

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

कानपुर। उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के तहत सेवायोजन निदेशालय और एनएसडीसी इंटरनेशनल द्वारा इजराइल के रेनोवेशन कंस्ट्रक्शन सेक्टर में निर्माण श्रमिकों की भर्ती प्रक्रिया आगे बढ़ी है। रोजगार संगम पोर्टल के माध्यम से प्लास्टरिंग, सिरेमिक टाइल्स, ड्रायवॉल (जिप्सम) और मेसन श्रेणी में पंजीकृत अभ्यर्थियों का कौशल आधारित चयन किया गया, जिसमें 2260 युवा सफल घोषित हुए हैं।

अधिकृत सूत्रों ने गुरुवार को बताया कि भर्ती प्रक्रिया के तहत 28 अक्टूबर से छह नवंबर 2025 के बीच 9352 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था। इनमें से 6682 अभ्यर्थी प्री-स्क्रीनिंग और प्रोफेशनल टेस्ट में शामिल हुए। 19 नवंबर से 15 दिसंबर 2025 तक कानपुर स्थित यदुपति सिंघानिया वोकेशनल एजुकेशन फाउंडेशन कैंपस में आयोजित परीक्षण के बाद 2260 अभ्यर्थी अंतिम चरण के लिए चुने गए।

इनमें से 1200 अभ्यर्थियों को इजरायल की संस्था द्वारा आयोजित अंतिम प्रोफेशनल टेस्ट ड्राइव से गुजरना होगा। इजराइल की एजेंसी पीआईबीए के निर्देश पर जिप्सम वर्क श्रेणी के 126 चयनित अभ्यर्थियों के लिए दो से छह फरवरी 2026 तक विशेष प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जा रहा है, जिसमें 115 अभ्यर्थी भाग ले रहे हैं।

प्रशिक्षण के दौरान आवास और भोजन की निःशुल्क व्यवस्था की गई है। सहायक निदेशक सेवायोजन उज्ज्वल कुमार सिंह ने बताया कि प्रदेश सरकार युवाओं को कौशल आधारित वैश्विक रोजगार से जोड़ने के लिए प्रतिबद्ध है और यह पहल अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोजगार के नए द्वार खोल रही है।

संबंधित समाचार