Bareilly : क्राइम पेट्रोल देखकर रची इवेंट मैनेजर की हत्या की साजिश
हत्यारोपियों ने जांच को भटकाने के इरादे से इवेंट मैनेजर के मोबाइल फोन को अलग-अलग शहरों में चलाया
बरेली, अमृत विचार। इवेंट मैनेजर की हत्या के मामले में पुलिस ने दो और आरोपियों को गिरफ्तार करके जेल भेजा है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने क्राइम पेट्रोल देखकर हत्या की साजिश रची थी। इस मामले में पुलिस मुख्य आरोपियों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार करके जेल भेज चुकी है, जबकि पकड़े गए दो अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार करके जेल भेज दिया।
13 जनवरी को मनोज राणा ने थाना बारादरी में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी बहन पूजा राणा जो कि इवेंट मैनेजमेंट का काम करती थी। 12 जनवरी की दोपहर घर से निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज की जांच में सामने आया कि पूजा राणा आरोपी विमल कुमार की कार में सवार हुई थी। पुलिस पूछताछ में आरोपी विमल कुमार ने पैसों के विवाद और शराब के नशे में गुस्से में आकर पूजा राणा की गला दबाकर हत्या करने की बात कबूल की।
आरोपी ने बताया कि उसने शव को नकटिया नदी के जंगल क्षेत्र में दबा दिया था, जबकि पूजा की स्कूटी को पीलीभीत की बड़ी नहर में फेंक दिया। पुलिस 23 जनवरी को आरोपी को अभिरक्षा में लेकर स्कूटी और मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए गई। स्कूटी पीलीभीत से बरामद कर ली गई। इसके बाद मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए आरोपी को बीडीए रामगंगा कॉलोनी, थाना बिथरी चैनपुर क्षेत्र लाया गया। इसी दौरान आरोपी ने पहले से छिपाकर रखे तमंचे से पुलिस टीम पर फायरिंग कर फरार होने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने उसे मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार करके जेल भेज दिया था।
मुख्य आरोपी से पूछताछ में सोहिल खान उर्फ सोहेल और अनिल कुमार के नाम सामने आए। बारादरी पुलिस ने गुरुवार को सोहिल खान और अनिल को भी गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने पुलिस को गुमराह करने के लिए पूजा का मोबाइल जान-बूझकर बरेली, दिल्ली और पीलीभीत में चालू कराया। उन्हें लगा कि मोबाइल लोकेशन बदलने से जांच भटक जाएगी। यह तरीका उन्होंने क्राइम पेट्रोल जैसे अपराध आधारित कार्यक्रम देखकर सीखा था। आरोपियों ने बताया कि 12 जनवरी को विमल कुमार नशे की हालत में पूजा को अपनी कार में लेकर घूम रहा था। पैसे के लेनदेन को लेकर विवाद हुआ, इसके बाद विमल ने अपने दोस्त सोहिल को बुलाया।
पुलिस के अनुसार कार में पीछे बैठे सोहिल और विमल ने मिलकर मफलर से पूजा का गला घोंट दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। हत्या के बाद घबराए विमल ने अपने रिश्तेदार अनिल कुमार से संपर्क किया। अनिल पहले से ही शव छिपाने के लिए गड्ढा खोद चुका था। आरोपियों ने रिठौरा के पास सुनसान इलाके में पूजा के शव को दफना दिया था। बारादारी थाना प्रभारी धनंजय पांडे ने बताया कि पूजा हत्याकांड में फरार चल रहे दो अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार करके कोर्ट में पेश किया गया।
