64.94 लाख गृहकर बकाये पर मंडी समिति का बैंक खाता सीज, अपर नगर आयुक्त के निर्देश पर हुई कार्रवाई

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

लखनऊ, अमृत विचार : गृहकर के बड़े बकायेदारों के खिलाफ नगर निगम ने बड़ी कार्रवाई की है। अपर नगर आयुक्त डॉ. अरविंद कुमार राव के निर्देश पर जोन 6 में सीतापुर रोड स्थित नवीन गल्ला मंडी पर 64,94,040 रुपये गृहकर बकाये पर मंडी समिति का बैंक खाता सीज करा दिया है।

नगर निगम अधिकारियों के अनुसार नवीन गल्ला मंडी सीतापुर रोड के भवन संख्या जीबी/सीसी पर 31 मार्च 2026 तक कुल 42 लाख 36 हजार 118 रुपये गृहकर बकाया है। मंडी से जुड़े भवन संख्या 605/385 पर 22 लाख 57 हजार 922 रुपये की राशि बकाया है। उक्त धनराशि का भुगतान नगर निगम को अब तक नहीं किया गया है। नगर निगम ने वसूली के लिए पहले भी संस्था को कई बार बिल एवं नोटिस जारी किए थे।

अधिकारियों ने व्यक्तिगत रूप से संपर्क कर बकाया राशि जमा करने के लिए कहा था लेकिन भुगतान नहीं किया गया। जनवरी 2026 में नवीन गल्ला मंडी कार्यालय द्वारा 19 जनवरी 2026 का 22 लाख रुपये का एक चेक व्हाट्सएप के माध्यम से भेजा गया, जो बिना हस्ताक्षर का था। यह चेक न तो विधिसम्मत था और न ही नगर निगम कार्यालय में जमा कराया गया। इसके बाद भी संबंधित संस्था ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। जिसे देखते हुए उत्तर प्रदेश नगर निगम अधिनियम 1959 की धारा 506 से 509 के अंतर्गत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए मंडी समिति का बैंक खाता तत्काल प्रभाव से सीज कर दिया गया है। साथ ही इस खाते से किसी भी प्रकार के लेन-देन पर रोक लगा दी गई है।

संबंधित समाचार