प्रयागराज के लिए नई सुपरफास्ट स्पेशल ट्रेनों की घोषणा, ये रहेगा रुट...जानें किराया और समय
प्रयागराज। यात्रियों की बढ़ती मांग को देखते हुए रेलवे ने प्रयागराज के सूबेदारगंज रेलवे स्टेशन से तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद के निकट चरलापल्ली तथा कानपुर से मुंबई के लोकमान्य तिलक टर्मिनस के बीच सुपरफास्ट स्पेशल ट्रेनों के संचालन की घोषणा की है। रेलवे के अनुसार सूबेदारगंज-चरलापल्ली स्पेशल ट्रेन 26 फरवरी और 5 मार्च को दोपहर 3:50 बजे सूबेदारगंज से रवाना होगी और फतेहपुर, गोविंदपुरी, उरई तथा झांसी होते हुए अगले दिन रात 8:00 बजे चरलापल्ली पहुंचेगी।
वापसी में यह ट्रेन 28 फरवरी और 7 मार्च को सुबह 4:30 बजे चरलापल्ली से चलकर अगले दिन सुबह 10:00 बजे सूबेदारगंज पहुंचेगी। इसी क्रम में कानपुर सेंट्रल-लोकमान्य तिलक टर्मिनस स्पेशल ट्रेन 6 मार्च से 27 मार्च तक प्रत्येक शुक्रवार दोपहर 1:00 बजे कानपुर से रवाना होगी। यह सिराथू और भरवारी होते हुए शाम 4:45 बजे प्रयागराज जंक्शन पहुंचेगी तथा अगले दिन दोपहर 2:55 बजे लोकमान्य तिलक टर्मिनस पहुंचेगी।
वापसी में यह ट्रेन 7 से 28 मार्च तक प्रत्येक शनिवार शाम 5:15 बजे लोकमान्य तिलक से चलकर अगले दिन दोपहर 12:45 बजे प्रयागराज जंक्शन और 3:45 बजे कानपुर सेंट्रल पहुंचेगी। गर्मी की छुट्टियों को देखते हुए प्रयागराज जंक्शन से लोकमान्य तिलक टर्मिनस के लिए एक अन्य सुपरफास्ट स्पेशल ट्रेन (संख्या 04101) भी चलाई जाएगी।
यह ट्रेन प्रत्येक सोमवार शाम 6:00 बजे प्रयागराज जंक्शन से रवाना होकर मानिकपुर, सतना, कटनी, जबलपुर, इटारसी, भुसावल, नासिक रोड, इगतपुरी और कल्याण होते हुए अगले दिन दोपहर 2:55 बजे लोकमान्य तिलक टर्मिनस पहुंचेगी। वापसी में यह ट्रेन मंगलवार शाम 4:55 बजे लोकमान्य तिलक से चलकर अगले दिन शाम 5:00 बजे प्रयागराज जंक्शन पहुंचेगी।
उत्तर मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी शशिकांत त्रिपाठी ने बताया कि 24 कोच वाली इस ट्रेन में 9 स्लीपर, 8 सामान्य, 3 एसी थ्री, 2 एसएलआर और 1 एसी टू कोच होंगे। इसका संचालन प्रयागराज से 16 फरवरी से 13 जुलाई तक तथा लोकमान्य तिलक से 17 फरवरी से 14 जुलाई तक किया जाएगा।
