China-India Trade : चीन से भारत के आयात में गिरावट, राज्यसभा में बोले केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद 

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

दिल्ली। सरकार ने शुक्रवार को राज्यसभा को बताया कि 2024-25 में उर्वरक, रसायन, लोहा और इस्पात तथा कृत्रिम धागे जैसे कई क्षेत्रों में चीन से भारत के आयात में कमी दर्ज की गई है। वाणिज्य एवं उद्योग राज्य मंत्री जितिन प्रसाद ने एक सवाल के लिखित जवाब में राज्यसभा को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मोबाइल फोन का आयात 2014-15 में 48,609 करोड़ रुपये था जो 2024-25 में घटकर 3,710 करोड़ रुपये रह गया। 

वहीं दूसरी ओर, मोबाइल फोन का निर्यात 2014-15 में 1,566 करोड़ रुपये का था जो 2024-25 में बढ़कर 2,05,017 करोड़ रुपये से अधिक हो गया। मंत्री ने कहा, "पिछले वर्ष की तुलना में 2024-25 में कई क्षेत्रों में चीन से आयात में गिरावट दर्ज की गई। उदाहरण के लिए, उर्वरकों के आयात में भारी गिरावट (61.4 प्रतिशत) आई।

इसके साथ ही अवशिष्ट रसायन और संबद्ध उत्पादों (19.7 प्रतिशत), लोहा और इस्पात (10.3 प्रतिशत) और कृत्रिम धागे (9.5 प्रतिशत) के आयात में भी कमी आई।'' उन्होंने कहा कि सरकार भारतीय व्यापारिक प्रतिष्ठानों को वैकल्पिक आपूर्तिकर्ताओं की तलाश करने और आपूर्ति के एकल स्रोतों पर निर्भरता कम करने के लिए विविधता की खातिर प्रोत्साहित करती है। मंत्री ने कहा कि सरकार नियमित रूप से आयात में वृद्धि की निगरानी करती है और उचित कार्रवाई करती है।

ये भी पढ़ें : 
रूस या वेनेजुएला .... तेल खरीद पर आ गया विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता का बयान, ट्रंप के दावे पर कही ये बड़ी बात

संबंधित समाचार