बाराबंकी : मुख्यमंत्री के आगमन की तैयारियों का डीएम ने लिया जायजा, बजरंग व्यायामशाला में आयोजित कार्यक्रम में होंगे शामिल होंगे
सिरौलीगौसपुर/बाराबंकी: अमृत विचार। ग्राम दुल्हदेपुर स्थित श्री रामजानकी मंदिर बजरंग व्यायामशाला में 9 से 18 फरवरी तक आयोजित होने वाले कार्यक्रम व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आगमन को लेकर जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने शुक्रवार को उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय, मुख्य विकास अधिकारी अन्ना सुदन, अपर जिलाधिकारी निरंकार सिंह और ज्वाइंट मजिस्ट्रेट तेजस के. सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।
जिलाधिकारी ने कार्यक्रम स्थल का गहन निरीक्षण करते हुए हेलीपैड, बैरिकेडिंग, पार्किंग और जनसभा स्थल की तैयारियों का जायजा लिया और सभी संबंधित विभागों को समयबद्ध तरीके से तैयारी पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 10 फरवरी को कार्यक्रम में शामिल होंगे। कार्यक्रम की शुरुआत 9 फरवरी को अखंड श्री रामनाम संकीर्तन से होगी।
मुख्यमंत्री के आगमन वाले दिन 10 फरवरी को रामार्चन महायज्ञ और श्री रामलीला मंचन का आयोजन किया जाएगा। इसके बाद 11 फरवरी को विशाल कलश यात्रा निकाली जाएगी। 12 फरवरी को वेदी पूजन के साथ निःशुल्क नेत्र शिविर आयोजित किया जाएगा, जबकि 13 फरवरी को निःशुल्क चिकित्सा शिविर लगाए जाएंगे। 14 फरवरी को वरिष्ठ नागरिक सम्मान समारोह एवं वस्त्र वितरण कार्यक्रम निर्धारित है। महाशिवरात्रि के अवसर पर 15 फरवरी को सामूहिक महारुद्राभिषेक होगा।
इसके बाद 16 फरवरी को पुनः श्री रामलीला मंचन और 17 फरवरी को सामूहिक पूर्णाहुति की जाएगी। कार्यक्रम का समापन 18 फरवरी को निःशुल्क सामूहिक कन्या विवाह और महाप्रसाद ग्रहण समारोह के साथ होगा। यह आयोजन ब्रह्मलीन पहलवान महंत श्री 1008 हरिशंकर दास महाराज की स्मृति में आयोजित किया जा रहा है। आयोजक महंत बाबा बलराम दास ने लोगों से अपील की है कि वे इस आयोजन में अधिक से अधिक संख्या में शामिल हों और धार्मिक तथा सामाजिक कार्यक्रम की शोभा बढ़ाएं।
