Agniveer Recruitment Rally : लखनऊ में अग्निवीर भर्ती रैली शुरू, पहले दिन पहुंचे 265 उम्मीदवार
लखनऊ। रिक्रूटिंग ज़ोन उत्तर प्रदेश एवं उत्तराखंड के तत्वावधान में आर्मी रिक्रूटिंग ऑफिस (मुख्यालय), लखनऊ द्वारा शुक्रवार से लखनऊ छावनी स्थित एएमसी सेंटर एवं कॉलेज के एएमसी स्टेडियम में अग्निवीर भर्ती रैली का शुभारंभ किया गया। भर्ती रैली के प्रथम दिन एआरओ लखनऊ के अंतर्गत आने वाले उत्तर प्रदेश के 13 जिलों की सभी तहसीलों के अभ्यर्थियों के लिए अग्निवीर ट्रेड्समैन (8वीं एवं 10वीं पास) श्रेणी की भर्ती आयोजित की गई।
इस श्रेणी में कुल 370 अभ्यर्थियों को बुलावा पत्र जारी किया गया था, जिनमें से 265 अभ्यर्थियों ने रैली में भाग लिया। मेजर जनरल मनीष कुमार, जेडआरओ (यूपी एवं यूके) ने रैली को हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ किया तथा प्रतिभागियों को अपनी योग्यता सिद्ध करने के लिए शुभकामनाएं दीं। आयोजन समिति के अनुसार सात फरवरी को संबंधित 13 जिलों की सभी तहसीलों के लिए अग्निवीर क्लर्क/स्टोर कीपर टेक्निकल (एसकेटी) श्रेणी की भर्ती रैली आयोजित की जाएगी।
एआरओ लखनऊ के अंतर्गत औरैया, चित्रकूट, कन्नौज, बांदा, महोबा, हमीरपुर, बाराबंकी, गोंडा, कानपुर देहात, उन्नाव, कानपुर नगर, फतेहपुर और लखनऊ जिलों से लगभग 13 हजार अभ्यर्थियों को इस रैली के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया है। सेना भर्ती कार्यालय ने अभ्यर्थियों को दलालों से सावधान रहने की सलाह देते हुए कहा है कि चयन प्रक्रिया पूरी तरह निष्पक्ष एवं पारदर्शी है। किसी भी समस्या की स्थिति में अभ्यर्थी रिक्रूटिंग ऑफिस (मुख्यालय), लखनऊ से संपर्क कर सकते हैं।
