गोंडा : इटियाथोक में बिसुही पुल निर्माण की मांग को लेकर चला हस्ताक्षर अभियान, मिला जबरदस्त समर्थन

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

इटियाथोक/गोंडा, अमृत विचार। बिसुही नदी पर स्थित जर्जर पुल के पुनर्निर्माण की मांग को लेकर सोमवार को राष्ट्रीय छात्र पंचायत के कार्यकर्ताओं ने इटियाथोक बाजार में व्यापक हस्ताक्षर अभियान चलाया। अभियान को आमजन का जबरदस्त समर्थन मिला और हजारों लोगों ने पुल निर्माण के पक्ष में हस्ताक्षर कर अपनी सहमति दर्ज कराई।

इस अवसर पर राष्ट्रीय छात्र पंचायत के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवम पांडे ने कहा कि बिसुही पुल अत्यंत पुराना और जर्जर अवस्था में पहुंच चुका है। यह मार्ग क्षेत्र के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है, क्योंकि इसी रास्ते से कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी और छात्र प्रतिदिन आवागमन करते हैं। पुल की हालत इतनी खराब हो चुकी है कि किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है। इसलिए किसी अप्रिय घटना से पहले ही नए पुल का निर्माण बेहद आवश्यक है।

13

इटियाथोक निवासी हर्षित श्रीवास्तव ने बताया कि वह बैंक में कार्यरत हैं और रोजाना इसी मार्ग से आना-जाना करते हैं। पुल पर घंटों जाम लगा रहता है, जिससे आमजन को भारी परेशानी होती है। बच्चों की स्कूल बसें भी जाम में फंसकर देर से पहुंचती हैं। उन्होंने सरकार से मांग की कि पुल निर्माण का कार्य शीघ्र शुरू कराया जाए।

हस्ताक्षर अभियान के दौरान युगांक, उमंग मिश्रा, नौशाद अहमद, अभिषेक, भूपेंद्र, रिजवान, सूफियान, संदीप, उमेश, सिरताज, शिव मणि, मोहम्मद आसिफ सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे और अभियान को समर्थन दिया।

संबंधित समाचार