Amroha: शादी कराने का झांसा देकर डेढ़ लाख ठगे, महिला समेत तीन पर FIR

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

ढबारसी, अमृत विचार। आदमपुर थाना क्षेत्र के गांव तलाबडा निवासी युवक से एक महिला समेत तीन लोगों ने शादी कराने के नाम पर डेढ़ लाख रुपए की ठगी कर ली। जब युवक की शादी नहीं हुई तो रुपए वापस मांगे। ठगी करने वाले लोगों ने वापस करने से इंकार कर दिया। पीड़ित ने उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य से शिकायत की। डिप्टी सीएम के निर्देश पर महिला समेत तीन लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया है।

मामला क्षेत्र के गांव तलाबडा का है। दरअसल गांव निवासी विजेन्द्र पुत्र महेश पाल मजदूरी करके अपनी गुजर बसर कर रहा था। लगभग एक वर्ष पूर्व भोजराज पुत्र मटरू व प्रीति पत्नी भोजराज ने कहा कि शादी करा देंगे जिसके लिए डेढ़ लाख रुपए खर्च करने पड़ेंगे। विजेन्द्र ने लोगों से कर्ज़ लेकर डेढ़ लाख रुपए की व्यवस्था की। प्रीति ने अपने साथी अजरूद्दीन इस्लाम के खाते में डेढ़ लाख रुपए डलवा लिए। विजेन्द्र ने शादी कराने को कहा तो उपरोक्त लोगों ने 50 हजार रुपए और मांगे। 

विजेन्द्र ने और रुपयों की व्यवस्था न होने पर अपनी रकम वापस मांगी तो इन्होंने रकम देने से साफ इंकार कर दिया। विजेन्द्र ने इस घटना की सूचना 20 अप्रैल 2025 को आदमपुर पुलिस को देकर कार्रवाई की मांग की लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। पीड़ित ने उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद से शिकायत कर अपनी रकम वापस कराने तथा उपरोक्त के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई करने की गुहार लगाई। डिप्टी सीएम के निर्देश पर आदमपुर पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया है।

संबंधित समाचार