UP : रामपुर के खानपान से परिचित होंगे लोग, बनेगी डॉक्यूमेंट्री

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

रामपुर, अमृत विचार। दुनिया में अपनी विचित्र शैली और जायके के लिए मशहूर रामपुरी खाने पर डॉक्यूमेंट्री की शूटिंग शुरू हुई है। रूमिनेटर स्टूडियोज के बैनर तले बन रही इस डॉक्यूमेंटरी में भारत के सात विभिन्न क्षेत्रों के खानपान का जिक्र है। जिसमें रामपुर को भी चुना गया है, जिसका प्रतिनिधित्व रामपुरी क्यूजीन के माहिर सेलेब्रिटी मास्टर शेफ ओसामा जलाली ने किया।

दिल्ली और मुंबई से आई 12 लोगों की टीम ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में शूटिंग की और रामपुरी संस्कृति के प्रतीक जैसे हब्शी हलवा, टोपी, चाकू, रामपुरी गरारे आदि को तैयार होते देखा। शूटिंग टीम ने रामपुर के इतिहास के जानकार और आईएमसीए के अध्यक्ष सिविल लाइंस निवासी डॉ. सैयद मोमिन इकबाल के साथ रजा लाइब्रेरी में दुर्लभ पांडुलिपियों का विश्लेषण किया और प्राचीन पुस्तकों को देखा। इसके बाद पटवाई स्थित उनके मर्जान फार्म पर रामपुर की मशहूर डिश तार-गोश्त, दाल की खिचड़ी पकाई और उसका फिल्मांकन किया।

ओसामा जलाली मशहूर इस्लामिक विद्वान मौलाना अब्दुल दयाम जलाली के पोते हैं और मूल रूप से रामपुर निवासी ही हैं। नोएडा में एट मजलिस भारत के विभिन्न हिस्सों से आने वाले पारंपरिक और प्रामाणिक व्यंजनों को विशेष रूप से परोसने के लिए प्रसिद्ध है। जहां हर क्षेत्र के अनोखे स्वाद और पाक परंपराओं की झलक मिलती है। इस मौके पर सैयद आरिफ इकबाल, सैयद माज इकबाल, अभिषेक कुमार, कुबेर स्वरूप, शहादत अली उर्फ भूरा आदि मौजूद रहे।

 

संबंधित समाचार