Bareilly : कन्हैया गुलाटी पर 65. 50 लाख की ठगी के चार और मुकदमे दर्ज
बरेली, अमृत विचार। महाठग कन्हैया गुलाटी की हिस्ट्रीशीट खुलने के बाद भी मुश्किले कम नहीं हो रही है। अब चार अलग-अलग पीड़ितों ने 65.50 लाख की ठगी के चार मुकदमे दर्ज कराए है। पीड़ितों का आरोप है कि पैसे वापस मांगने पर कन्हैया गुलाटी जान से मारने की धमकी दे रहा है। पुलिस से शिकायत की लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। जिसके बाद कोर्ट के आदेश पर बारादरी पुलिस ने कन्हैया गुलाटी के खिलाफ चार अलग अलग मुकदमे दर्ज किए है।
केस 1
कंपनी में निवेश के नाम पर लिए 20 लाख रुपये
इज्जतनगर थाना क्षेत्र के संगम विहार करमपुर चौधरी निवासी फरीद खान ने बताया कि उसने अपने भाई बहनों के साथ मिलकर कैनविज कंपनी में करीब 20 लाख रुपये का निवेश किया था। उसके बाद कन्हैया गुलाटी पैसा ठगकर भूमिगत हो गया। वहाटसप कॉल पर पैसे वापस मांगने पर आरोपी जान से मारने की धमकी दे रहा है। युवक ने बताया कि उसने पुलिस से शिकायत की, लेकिन पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की। अब कोर्ट के आदेश पर बारादरी पुलिस ने कन्हैया गुलाटी, आशीष महाजन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
केस 2
मीरगंज के युवक से ठगे 5 लाख
मीरगंज थाना क्षेत्र के लभेड़ा दुर्गा प्रसाद निवासी विक्रम कुमार मौर्य ने बताया कि उसने कैनविज कंपनी में 5 लाख रुपये का निवेश किया था। उसके साथ 121 लोगों ने लगभग करोड़ों रुपये निवेश किए थे। लेकिन कन्हैया गुलाटी सभी का पैसा ठगकर भूमिगत हो गया। अब उसका मोबाइल नंबर भी बंद जा रहा है। कोर्ट के आदेश पर बारादरी पुलिस ने कैनविज कंपनी के मालिक कन्हैया गुलाटी पर रिपोर्ट दर्ज की है।
केस 3
दंपत्ति से 35 लाख लेकर भूमिगत
इज्जतनगर थाना क्षेत्र के सिद्धार्थनगर निवासी सुनील कुमार सिंह ने बताया कि उसने और उसकी पत्नी ने कैनविज कंपनी में 35 लाख रुपये का निवेश किया था। लेकिन उसके बाद कंपनी और कन्हैया गुलाटी अचानक से भूमिगत हो गए। अब उनका मोबइल नंबर भी बंद जा रहा है। पुलिस से शिकायत करने के बाद भी रिपोर्ट दर्ज नहीं की। जिसके बाद अब कोर्ट के आदेश पर बारादरी पुलिस ने कैनविज कंपनी के मालिक कन्हैया गुलाटी और सीईओ आशीष महाजन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
केस 4
5.50 लाख फरार, रुपये मांगने पर जान से मारने की धमकी
इज्जतनगर थाना क्षेत्र के सिद्धार्थनगर निवासी दिलीप कुमार ने बताया कि उसने अपने भाई बहनों के साथ मिलकर कैनविज कंपनी में लगभग 5.50 लाख रुपये लगाए थे। लेकिन उसके बाद कंपनी और कन्हैया गुलाटी समेत अन्य लोग पैसा लेकर भूमिगत हो गए। आरोप है कि वहाटसप कॉल पर कन्हैया गुलाटी पैसे मांगने या पुलिस से शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दे रहा है। कोर्ट के आदेश पर बारादरी पुलिस ने कैनविज कंपनी के मालिक कन्हैया गुलाटी और सीईओ आशीष महाजन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
