राम मंदिर में श्रद्धालुओं की संख्या 1 लाख हुई पार, गणेश और शेषावतार मंदिर पर ध्वज आरोहण की तारीख घोषित
अयोध्या, अमृत विचार: राममंदिर में रामलला के दर्शन करने के लिए श्रद्धालुओं की संख्या एक लाख से पार पहुंच गई है। सुबह से ही चल रहे दर्शन के क्रम में जन्मभूमि पथ देर रात तक श्रद्धालुओं से पटी रही। एसपी सुरक्षा बलरामाचारी दुबे ने बताया कि इन दिनों श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ रही हैं। वही वीकेंड पर यह संख्या लगभग दो लाख के करीब पहुंच रही हैं। अयोध्या आने वाले श्रद्धालु सुबह 4 बजे से ही सरयू के घाट पर स्नान करने के बाद हनुमान गढ़ी और राम जन्मभूमि पर दर्शन पूजन के लिए लंबी कतार में पहुंच रहे है। जिसे देखते हुए परिसर की सुरक्षा में सतर्कता बढ़ा दी है। सीसीटीवी कैमरे से श्रद्धालुओं की एक्टिविटी पर नजर रखी जा रही है।
शिव मंदिर पर ध्वज आरोहण करने आएंगे मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ
राममंदिर के उप मंदिरों में ध्वज आरोहण कार्यक्रम के तहत 11 अप्रैल को गणेश मंदिर के शिखर पर ध्वज आरोहण होगा। कार्यक्रम एलएंडटी के चेयरमैन एसएन सुब्रमण्यम व टाटा कंसलटेंसी के प्रबंध निदेशक अमित शर्मा द्वारा संपन्न होगा। वहीं शेषावतार मंदिर पर भी ध्वज आरोहण 15 अप्रैल को उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य द्वारा किये जाने की संभावना है। शिव मंदिर पर ध्वजारोहण मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के हाथों संपन्न होगा। जिसकी तिथि अभी सामने नहीं आई है। सभी कार्यक्रम संपन्न कराने के लिए श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट तैयारियों में जुटा है।
श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के सदस्य डॉ. अनिल मिश्रा ने मंगलवार को बताया कि अप्रैल माह में राम जन्मभूमि परिसर में बेहद खास कार्यक्रम होने जा रहा है, 2 अप्रैल को हनुमान जयंती के दिन हनुमान मंदिर के शिखर पर ध्वज आरोहण बजरंग दल के संस्थापक से लेकर पूर्व संयोजक और वर्तमान पदाधिकारियों के द्वारा किया गया था।
राम मंदिर के मुख्य गर्भगृह के शिखर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के द्वारा ध्वजारोहण संपन्न हो चुका है। अन्य शेष मंदिरों पर ध्वजारोहण का कार्यक्रम चल रहा है। अब 11 अप्रैल को गणेश जी के मंदिर पर निर्माण संस्था से जुड़े हुए लोगों की उपस्थिति में शाम को गणेश मंदिर पर ध्वज आरोहण होगा। कहा कि मुख्यमंत्री की उपस्थिति में भगवान शिव के मंदिर पर ध्वजारोहण हो ऐसा विचार है। जिसकी तिथि अभी तय नहीं हो सका है।
तीन उप मंदिरों के शिखर पर हो चुका ध्वज आरोहण
राम मंदिर के 800 मीटर की परिधि में बने छह उप मंदिरों में से अब तक तीन पर ध्वजआरोहण हो चुका है। इसमें प्रण प्रतिष्ठा के वार्षिक उत्सव के दौरान 31 दिसंबर को रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने मां अन्नपूर्णा देवी मंदिर के शिखर पर ध्वज आरोहण किया था। इसके बाद अयोध्या के प्रमुख साधु-संतों के द्वारा सूर्य मंदिर पर और 2 अप्रैल को हनुमान मंदिर के शिखर पर बजरंग दल ने ध्वज का आरोहण किया है।
