प्रदेश में दलहन उत्पादन को मिलेगा नया संबल, कृषि मंत्री शाही ने केंद्रीय सहायता के लिए प्रधानमंत्री एवं केंद्रीय कृषि मंत्री का जताया आभार

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

लखनऊ, अमृत विचार : प्रदेश में दलहन उत्पादन और उत्पादकता बढ़ाने के लिए राज्य सरकार के प्रयासों को केंद्र सरकार का मजबूत सहयोग मिला है। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा दलहन उत्पादन को प्रोत्साहन के लिए 125 करोड़ रुपये का प्रतीकात्मक चेक प्रदान किए जाने के निर्णय का प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने स्वागत किया। उन्होंने इस सहयोग के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय कृषि मंत्री के प्रति आभार जताया।

प्रदेश के कृषि मंत्री ने रविवार को बताया कि उप्र. देश के शीर्ष दलहन उत्पादक राज्यों में शामिल है। वर्ष 2024-25 में प्रदेश ने 30.82 लाख मीट्रिक टन दलहन उत्पादन कर देश में चौथा स्थान प्राप्त किया, जो भारत के कुल उत्पादन का लगभग 12 प्रतिशत है। प्रदेश की औसत उत्पादकता 12.01 क्विंटल प्रति हेक्टेयर है, जो राष्ट्रीय औसत से कहीं अधिक है।

उन्होंने कहा कि दलहन आत्मनिर्भरता मिशन के तहत उन्नत बीजों के वितरण पर विशेष जोर दिया जा रहा है। वर्ष 2025-26 में 1,05,642 कुंतल प्रमाणित बीज वितरित किए गए, जिससे लाखों किसान लाभान्वित हुए हैं। दलहन खरीद में भी प्रदेश ने वर्ष 2024-25 में 75.85 हजार मीट्रिक टन की खरीद कर बेहतर प्रदर्शन किया।

भावी रणनीति के तहत गन्ने के साथ अंतः फसली खेती को बढ़ावा दिया जा रहा है तथा रबी और जायद सीजन में मसूर, उर्द और मूंग की खेती के लिए विशेष कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। इससे किसानों की आय बढ़ाने और पोषण सुरक्षा को मजबूती मिलेगी।

संबंधित समाचार