The Kerala Story 2 का रिलीज हुआ इमोशनल ट्रैक 'ओ माई री', दो घंटे में पहुंचा 1.7 मिलियन व्यूज

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

मुंबईः बॉलीवुड फिल्मकार विपुल अमृतलाल शाह की आने वाली फिल्म द केरल स्टोरी 2 का इमोशनल ट्रैक 'ओ माई री' रिलीज हो गया है। राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता कामाख्या नारायण सिंह के निर्देशन में बनी यह फिल्म तीन हिंदू लड़कियों की परेशान करने वाली कहानी दिखाती है, जिनके किरदार उल्का गुप्ता, ऐश्वर्या ओझा और अदिति भाटिया निभा रही हैं। 

तीनों की ज़िंदगी उस वक्त अंधेरे में उतरने लगती है, जब वे तीन मुस्लिम युवकों के साथ रिश्ते में आती हैं। जो कहानी प्यार से शुरू होती है, वह धीरे-धीरे एक साजिश भरे और डरावने सच को उजागर करती है, जिसका केंद्र धार्मिक धर्मांतरण है। जहां फिल्म को लेकर उत्साह लगातार चरम पर पहुंच रहा है, वहीं इसी बीच फिल्म का बेहद भावुक गीत 'ओ माई री' रिलीज़ किया गया है। 

श्रेया घोषाल की आवाज़ में यह गाना दिल को सीधे छू जाता है। मन्नन शाह की सोलफुल कंपोज़िशन और मनोज मुंतशिर के भावनाओं से भरे बोल इस गीत को और भी खास बना देते हैं। फिल्म 'द केरल स्टोरी' के जबरदस्त असर के बाद, जिसने अपनी बेबाक कहानी से पूरे देश को झकझोर दिया था, इसका सीक्वल और भी आगे जाने का वादा करता है। फिल्म 'द केरल स्टोरी 2 - गोज़ बियॉन्ड' को विपुल अमृतलाल शाह ने प्रोड्यूस किया है, जबकि आशिन ए शाह ने सनशाइन पिक्चर्स के बैनर तले इसे को-प्रोड्यूस किया है। यह फिल्म 27 फरवरी 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। 

संबंधित समाचार