UP Police : यूपी पुलिस के 384 मुख्य पुलिसकर्मी बने उप निरीक्षक, आदेश जारी
लखनऊ। शासन स्तर पर उत्तर प्रदेश पुलिस के 384 मुख्य आरक्षियों (नागरिक पुलिस) को उप निरीक्षक नागरिक पुलिस के पद पर पदोन्नति प्रदान की गई है। यह पदोन्नति उत्तर प्रदेश उप निरीक्षक एवं निरीक्षक (नागरिक पुलिस) सेवा नियमावली-2015 (संशोधित) के अंतर्गत वरिष्ठता के आधार पर की गई है।
सोमवार को उत्त रप्रदेश पुलिस मुख्यालय के पुलिस उपमहानिरीक्षक स्थापना अखिलेश कुमार चौरसिया के स्तर से जारी आदेश में कहा गया है कि उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड, लखनऊ की प्राधिकृत विभागीय चयन समिति द्वारा चयनित कार्मिकों को पुलिस महानिदेशक, उत्तर प्रदेश के अनुमोदन के बाद उनके वर्तमान नियुक्ति स्थान पर ही उप निरीक्षक नागरिक पुलिस के पद पर पदोन्नत किया गया है।
आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि पदोन्नत कार्मिकों को निर्धारित समय-सीमा में कार्यभार ग्रहण करना होगा तथा उप निरीक्षक पद से संबंधित आधारभूत प्रशिक्षण उत्तीर्ण करना अनिवार्य रहेगा। साथ ही प्रत्येक कार्मिक से स्वहस्ताक्षरित घोषणा-पत्र लिया जाएगा कि उनके विरुद्ध कोई विभागीय/प्रशासनिक या न्यायालयीन कार्यवाही लंबित नहीं है। यदि बाद में कोई तथ्य असत्य पाया जाता है तो पदोन्नति निरस्त की जा सकेगी।
