बजट सत्र से पहले उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद ने की कानून-व्यवस्था की समीक्षा, कहा- कानून-व्यवस्था बनाए रखना प्राथमिकता
लखनऊ, अमृत विचार : उप्र. विधानसभा के बजट सत्र 2026–27 से पहले उप मुख्यमंत्री एवं विधान परिषद में नेता सदन केशव प्रसाद मौर्य ने रविवार को कानून-व्यवस्था की व्यापक समीक्षा की। इस दौरान वरिष्ठ पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ सत्र के दौरान शांति, सुरक्षा और सुव्यवस्थित व्यवस्था बनाए रखने को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।
उप मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि बजट सत्र के दौरान प्रदेश में कानून-व्यवस्था बनाए रखना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था, अशांति या कानून-व्यवस्था से जुड़ी चुनौती से सख्ती और संवेदनशीलता के साथ निपटा जाए। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा है कि आम जनता को सुरक्षित माहौल मिले और किसी भी प्रकार की अराजक गतिविधि को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
केशव प्रसाद मौर्य ने अपराध नियंत्रण को लेकर विशेष सतर्कता बरतने, संवेदनशील और अति-संवेदनशील क्षेत्रों पर कड़ी निगरानी रखने, त्वरित पुलिस कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा पुलिस-प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि सत्र के दौरान राजधानी सहित पूरे प्रदेश में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रहनी चाहिए।
बैठक में उपस्थित वरिष्ठ पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने प्रदेश की वर्तमान कानून-व्यवस्था की स्थिति से उप मुख्यमंत्री को अवगत कराया। साथ ही बजट सत्र के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और अन्य आवश्यक तैयारियों की जानकारी भी दी गई। उप मुख्यमंत्री ने सभी अधिकारियों से सतर्क रहकर अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने का आह्वान किया।
