बाराबंकी : हाईवे-727एच फोरलेन निर्माण तेज, एनएचआई टीम ने भवन-दुकानों का किया मूल्यांकन

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

देवा/बाराबंकी, अमृत विचार। चिनहट से देवा व फतेहपुर होते हुए महमूदाबाद तक प्रस्तावित हाइवे 727एच के फोरलेन निर्माण की प्रक्रिया लगातार तेज़ होती जा रही है। यह परियोजना तीन चरणों में पूरी की जानी है। लोक निर्माण विभाग के नेशनल हाईवे डिवीजन द्वारा दूसरे चरण में 20 किलोमीटर सड़क को फोरलेन करने और दो बाईपास के निर्माण की अधिसूचना पहले ही जारी की जा चुकी है।

इसी क्रम में सोमवार को एनएचआई के लाइजनिंग आफिसर सुरेश मंडल के नेतृत्व में विभागीय टीम ने प्रस्तावित फोरलेन के किनारे बने भवनों, दुकानों एवं अन्य स्थायी निर्माणों का स्थलीय मूल्यांकन किया। टीम ने सड़क चौड़ीकरण की जद में आने वाले ढांचों का ब्योरा संकलित किया, ताकि आगे मुआवजा प्रक्रिया को पूरा किया जा सके एनएचएआई द्वारा अधिग्रहित कृषि योग्य जमीनों के संबंध में किसानों के रकबे का विस्तृत विवरण जारी होने के बाद अधिकांश किसानों को मुआवजा भुगतान किया जा चुका है।

अब शेष भवन, दुकान और अन्य निर्माणों के मूल्यांकन के बाद मुआवजा वितरण की कार्रवाई की जाएगी पीडब्ल्यूडी की अधिसूचना के अनुसार किलोमीटर संख्या 19 से 39 के बीच सड़क निर्माण कार्य प्रस्तावित है। इस दौरान सड़क को चौड़ा कर 45 मीटर चौड़ी फोरलेन बनाई जाएगी।

देवा और फतेहपुर नगर पंचायत क्षेत्र की सीमा को छूते हुए बाईपास का भी निर्माण किया जाएगा, जिससे कस्बाई क्षेत्रों में जाम की समस्या से राहत मिलेगी फोरलेन सड़क और बाईपास निर्माण के लिए चककाजीपुर, मदनपुर, दशरथपुर, डड़ियामऊ, इसरौली, कटघरा, चककलवरिया, बसारा, सराय मकबूलनगर, कुतलुपुर, फतेहपुर खास, ब्रहम्नीटोला, सलारपुर, पवैयाबाद, कोटवाकला और डौडियारा गांवों में लगभग 80 हेक्टेयर भूमि का अधिग्रहण किया जा चुका है परियोजना के पूर्ण होने से क्षेत्र में यातायात सुगम होने के साथ-साथ व्यापारिक गतिविधियों और विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है।

संबंधित समाचार