बाराबंकी में 289 दिव्यांग बच्चों को 388 उपकरण वितरित, बीएसए ने कार्यक्रम का किया शुभारंभ
बाराबंकी, अमृत विचार। समग्र शिक्षा अभियान के अंतर्गत विशिष्ट आवश्यकता वाले बच्चों के लिए उपस्कर एवं उपकरण वितरण शिविर का शुभारंभ जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी नवीन कुमार पाठक एवं जिला समन्वयक समेकित शिक्षा सुधा जायसवाल ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण व दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
शिविर में चिन्हित तहसील नवाबगंज के 289 बच्चों को एल्मको कानपुर के सहयोग से कुल 388 उपकरण वितरित किए गए। मेजरमेंट कैंप के दौरान दिव्यांग बच्चों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए गए। इस अवसर पर मुख्य अतिथि जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी नवीन कुमार पाठक ने कहा कि सभी बच्चे समान हैं और सभी को शिक्षा का अधिकार है।
उपकरणों की सहायता से शारीरिक, मानसिक या दृष्टिबाधित बच्चों की कठिनाइयों को दूर कर उन्हें शिक्षा की मुख्य धारा से जोड़ा जा सकेगा। जिला समन्वयक समेकित शिक्षा सुधा जायसवाल ने बताया कि इसी क्रम में 10 जनवरी को तहसील हैदरगढ़ तथा 11 जनवरी को तहसील फतेहपुर में भी उपकरण वितरण किया जाएगा।
कार्यक्रम को सफल बनाने में प्रधानाध्यापक राजेंद्र सिंह, एआरपी लक्ष्मी सिंह, सुभाष तिवारी, स्पेशल एजुकेटर नीरज मिश्रा, राज नारायण, निर्मल कुमार, कमलेश कुमार, स्लीमुद्दीन, अरविन्द मिश्रा, अर्चना देवी एवं एकता सक्सेना का विशेष सहयोग रहा।
