Bareilly : सेफ सिटी...कामकाजी महिलाओं के लिए बनेगा हास्टल
बरेली, अमृत विचार। बजट में सेफ सिटी परियोजना के अंतर्गत बरेली शहर में वर्किंग वूमेन हास्टल बनेगा, इसमें उन महिला कर्मचारियों को रहने की सुविधा मिलेगी, जो अपने घर से दूर रहकर कार्य करती हैं, ताकि उन्हें हर तरह से सुरक्षा का माहौल दिया जा सके।
सेफ सिटी की अवधारणा को मूर्तरूप देने व कामकाजी महिलाओं को सुरक्षा व नगर निगम में वर्किंग वूमेन हॉस्टल का निर्माण कराने का प्रावधान बजट में किया गया है। मिशन शक्ति के अंतर्गत सुरक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार सेवाओं के एकीकरण से महिलाओं को आत्म निर्भरता और सामाजिक सहभागिता को नई दिशा देने का कार्य किया जाएगा।
श्रमिकों को भी मिलेगी राहत
शहर में अभी बीसलपुर चौराहा, डीडीपुरम चौक, राजेंद्र नगर चौराहा, गन्ना मिल के पास सुबह 5 से 10 बजे तक काम की तलाश में सैकड़ों की संख्या में मजदूर खड़े होते हैं। यहां वे लोग पहुंचते हैं, जो दूर दराज गांवों से आते हैं। बजट में मजदूरों के खड़े होने वाले स्थानों पर लेबर अड्डों का निर्माण कराया जाएगा। कहां-कहां लेबर अड्डों की स्थापना की जाएगी, इसको लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है।
