Bareilly: बिना लाइसेंस चल रहे मेडिकल स्टोर का भंडाफोड़, 5 संदिग्ध दवाओं के लिए नमूने
बरेली, अमृत विचार। अवैध तरीके दवाओं की बिक्री के खिलाफ औषधि विभाग का अभियान लगातार जारी है। गुरुवार को विभाग की टीम ने फतेहगंजपूर्वी थाना क्षेत्र में बिना लाइसेंस के चल रहे मेडिकल स्टोर छापा मारकर 50 हजार की दवाओं की सीज किया। इसके अलावा पांच संदिग्ध दवाओं के नमूने भी टीम ने लिए।
औषधि निरीक्षक राजेश कुमार ने बताया कि गुरुवार को सूचना मिली थी कि फरीदपुर तहसील के थाना फतेहगंज पूर्वी गांव पढ़ेरा में बिना लाइसेंस के मेडिकल स्टोर का संचालन किया जा रहा था। वह औषधि निरीक्षक अनामिका अंकुर जैन के साथ गांव में पहुंचे। यहां गांव के रहने वाले देशदीपक सिंह के मेडिकल स्टोर पर दवाओं का अवैध भंडारण मिला। मौके पर दवाओं की बिक्री का लाइसेंस भी नहीं दिखा पाए। लिहाजा दवाओं को सीज किया गया
राजेश कुमार के मुताबिक अवैध रूप से भंडारित एलोपैथिक औषधियों की अनुमानित कीमत करीब 50 हजार रुपये है। इसके अलावा 05 संदिग्ध नमूनों को जांच के लिए संग्रहित किया गया। जिन्हें राजकीय प्रयोगशाला टेस्ट के लिए भेजा जा रहा है। जांच रिपोर्ट आने के बाद न्यायालय में परिवाद दाखिल किया जाएगा।
