नैमिष नगर योजना में बड़ा एक्शन: किसानों से खरीदी जमीन पर अवैध मिट्टी खनन, उपाध्यक्ष ने अफसरों को लगाई फटकार, दर्ज हुई FIR
लखनऊ, अमृत विचार : लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने गुरुवार को बीकेटी में नैमिष नगर योजना का निरीक्षण किया तो किसानों से बैनामा कराई भूमि पर अवैध मिट्टी खनन पाया। संबंधित अधिकारियों को फटकार लगाई और उनके आदेश पर अवर अभियंता संजय जैन ने अवैध खनन करने वालों के खिलाफ एफआईआर के लिए सैरपुर थाने में तहरीर दी।
एलडीए बीकेटी तहसील के अंतर्गत सीतापुर रोड पर ग्राम भौली, लक्ष्मीपुर, पूरब गांव, पुरवा, सैरपुर, फरुखाबाद, कोड़री भौली, कमलाबाद, कमलापुर, पलहरी, गोपरामऊ, बारूमऊ, धतिंगरा, सैदापुर, पश्चिम गांव, धोबैला, उमरभारी व दुग्गौर में लगभग 4035 एकड़ में नैमिष नगर आवासीय योजना विकसित कर रहा है। इसमें कुल 33 सेक्टर होंगे। होली पर प्रथम चरण में फेज-1 के 14 सेक्टर लांच करने की तैयारी है। इन गांवों में किसानों से सीधी जमीन खरीदी जा रही है। किसान लगभग 100 हेक्टेयर भूमि की रजिस्ट्री प्राधिकरण के पक्ष में कर चुके हैं।
उपाध्यक्ष ने अचानक निरीक्षण करके प्रगति देखी तो बैनामा कराई जमीन पर कुछ जगह अवैध मिट्टी खनन पाया। स्थानीय लोगों से पूछताछ में पता चला कि ईंट-भट्ठे के लोग पहले से यहां मिट्टी निकाल रहे हैं। उपाध्यक्ष ने संबंधित अधिकारियों को फटकार लगाते हुए कहा कि खरीदी गई भूमि पर बिना अनुमति के खनन नहीं किया जाएगा। इस मौके पर मुख्य अभियंता मानवेन्द्र सिंह, अधीक्षण अभियंता नवनीत शर्मा, प्रभारी अधिकारी-अर्जन संगीता राघव व जोनल अधिकारी वंदना पांडेय आदि रहे।
बल्क में रजिस्ट्री के लिए स्थापित कराएं काउंटर
उपाध्यक्ष ने पुरवा गांव में बने साइट ऑफिस में अधिकारियों के साथ समीक्षा की। पाया कि सेक्टर-1 एवं सेक्टर-12 में लगभग पूरी जमीन खरीदी जा चुकी है। इसके अलावा कुछ अन्य गांवों में भी काफी भूमि मिल गई है। निर्देश दिये कि जिन गांवों में 60 फीसद से अधिक भूमि की रजिस्ट्री प्राधिकरण के पक्ष में हो गई है वहां टेंडर कराकर सड़क, नाली, सीवर आदि विकास कार्य शुरू कराएं। आईआईएम-रैथा रोड का चौड़ीकरण कराने के भी निर्देश दिये। इसके अतिरिक्त बड़ी संख्या में किसानों ने अपनी भूमि देने के लिए सहमति पत्र दिए हैं, ऐसे में सब-रजिस्ट्रार कार्यालय में नैमिष नगर योजना के लिए एक अलग काउंटर स्थापित कराएं। इससे कि भूमि विक्रय करने वाले किसानों की बल्क में रजिस्ट्री कराई जाए।
जल्द खुलेगा दाऊद नगर कल्याण मंडप
उपाध्यक्ष ने दाऊद नगर में लगभग 7 हजार वर्गफिट क्षेत्रफल में निर्मित किये जा रहे कल्याण मंडप का भी निरीक्षण किया गया। निर्देश दिये कि फिनिशिंग के अवशेष कार्यों को 15 दिन के अंदर पूरा कर लिया जाए। इससे कि शीघ्र खोला जा सके और लोग लाभ उठा सकें।
