अधिवक्ता हत्याकांड: सीसीटीवी में दिखी वारदात...अधिवक्ता ने जड़े तीन थप्पड़, बाबू ने निकाला रिवॉल्वर और चला दी गोली

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

रामपुर, अमृत विचार। जिला पंचायत कार्यालय में अधिवक्ता की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। अब घटना से जुड़ा सनसनीखेज सीसीटीवी सामने आया जिसने पल भर में पूरी घटना को सामने रख दिया। हेडक्लर्क ने अपने केबिन के अंदर ही अधिवक्ता फारूक खान को गोली मार दी। इससे पहले कुछ मिनटों तक दोनों के बीच विवाद हुआ। फिर बाबू ने अपनी जेब से पिस्टल निकालकर अधिवक्ता को गोली मार दी।

सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है कि अधिवक्ता हेड क्लर्क असगर अली के चैंबर में बेहद गुस्से में दाखिल हुए और फिर एक के बाद एक तीन थप्पड़ असगर अली को जड़ दिए। अधिवक्ता के साथ एक अन्य अधिवक्ता भी चैंबर में दाखिल होता है, दोनों के बीच विवाद को सुलझाने की कोशिश की जाती है। फिर अन्य व्यक्ति आकर अधिवक्ता फारूख खान को समझाकर बाहर ले जाने की कोशिश करता है। फारुख बाहर चले जाते हैं, मगर इतने में दोबारा तीखी बहस होने लगती है। 

इतने में हेडक्लर्क अपनी जेब से रिवॉल्वर निकालकर बाहर खड़े अधिवक्ता फारुख की तरफ बढ़ता है वहां मौजूद दो अन्य लोग रोकने की कोशिश करते हैं। मगर तैश में आकर फारुख दोबारा बाबू के चैंबर में दाखिल होते हैं और रिवॉल्वर छीनने का प्रयास किया। इसी छीनाझपटी में दोनों कुर्सी पर गिरे और फिर बाबू ने गोली चला दी। गोली लगते ही अधिवक्ता गिर पड़ते हैं। सीसीटीवी में देखा जा सकता है कि गोली मारकर बाबू फरार हो जाता है।

 दरअसल जिला पंचायत के हेड क्लर्क ने लाइसेंसी पिस्टल से बुधवार को अधिवक्ता फारुख अहमद खान की गोली मारकर हत्या कर दी थी। अधिवक्ता ने अस्पताल ले जाते वक्त दम तोड़ दिया। पत्नी के वेतन कटौती को लेकर अधिवक्ता का बाबू से विवाद हुआ था। नगर कोतवाली नालापार निवासी वकील फारुख अहमद खान (45) की पत्नी गौसिया जिला पंचायत कार्यालय में क्लर्क हैं। यहीं पर थाना पटवाई क्षेत्र के मिलक तहव्वुर गांव का रहने वाला असगर अली हेड क्लर्क है। 

बताया जाता है कि अधिवक्ता की पत्नी का कार्यालय में लेट आने के कारण वेतन काट लिया गया था। इसी संबंध में बुधवार को गौसिया के साथ उनके पति अधिवक्ता फारुख अहमद जिला पंचायत कार्यालय पहुंचे। उन्होंने हेड क्लर्क असगर अली से इस विषय पर बात की। इसी बीच दोनों के बीच विवाद बढ़ गया। अचानक हेड क्लर्क ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से अधिवक्ता पर  फायर झोंक दिए। गोली लगते ही अधिवक्ता फारुख अहमद तड़पकर गिर गए। गौसिया शोर मचाते हुए बाहर की ओर भागी। लोग आनन फानन में अधिवक्ता को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। 

संबंधित समाचार