ICC T20 World Cup : भारत की लगातार दूसरी जीत, नामीबिया को 93 रनों से रौंदा, वरुण ने 2 ओवर में चटकाए 3 विकेट, हार्दिक रहे मैच के हीरो

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

नई दिल्ली। टी-20 वर्ल्ड कप के 18वें मुकाबले में भारतीय टीम ने अपना दबदबा कायम रखते हुए नामीबिया को 93 रनों के विशाल अंतर से हरा दिया है। इस शानदार जीत के साथ टीम इंडिया अपने ग्रुप में शीर्ष स्थान पर काबिज हो गई है। मैच में ईशान किशन और हार्दिक पंड्या के अर्धशतकों के बाद गेंदबाजों ने धारदार प्रदर्शन करते हुए नामीबियाई बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी। 

हार्दिक रहे मैच के हीरो

मैच में शानदार ऑलराउंडर प्रदर्शन की वजह से हार्दिक पांड्या को प्लेयर ऑफ दि मैच का अवॉर्ड दिया गया। उन्होंने पहले बैट से 28 गेंद पर 52 रनों के तेज पारी खेली, जिसमें 4 चौके और 4 छक्के शामिल थे। उसके बाद पांड्या ने गेंद से भी अपना जलवा दिखाया और 4 ओवर में 21 रन देकर 2 विकेट लेने में सफल रहे।

आज यहां नामीबिया ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम के लिए इशान किशान और संजू सैमसन की जोड़ी ने तूफानी शुरुआत करते हुए पहले विकेट के लिए महज दो ओवर में 25 रन बना डाले। इसी दौरान दूसरे ओवर की आखिरी गेंद पर बेन शिकोंगो ने संजू सैमसन को अपना शिकार बना लिया। संजू सैमसन ने आठ गेंदों में तीन छक्के और एक चौका उड़ाते हुए 22 रन बनाये।

इसके बाद बल्लेबाजी करने आये तिलक वर्मा ने इशान किशन के साथ दूसरे विकेट के लिए 79 रन जोड़े। आठवें ओवर की पहली गेंद पर जेरार्ड इरास्मस ने विस्फोटक बल्लेबाजी कर रहे इशान किशन को आउट कर पवेलियन भेज दिया। इशान किशन ने 24 गेंदों में छह चौके ओर पांच छक्के लगाते हुए 61 रनों की पारी खेली। उन्होंने महज 20 गेंदों में पांच चौके और चार छक्के उड़ाते हुए अपना अर्धशतक पूरा किया।

11वें ओवर में सूर्यकुमार यादव 12 रन बनाकर आउट हुये। तिलक वर्मा ने 21 गेंदों में तीन चौके लगाते हुए 25 रन बनाये। तिलक को सातवें ओवर में एक जीवनदान मिला, लेकिन वे उसका फायदा नहीं उठा पाये। वह 12वें ओवर की पांचवीं गेंद पर बाउंड्री पर लपके गये। एक समय महज 20 रन जोड़कर भारत ने अपने तीन विकेट गंवा दिये थे। ऐसे समय हार्दिक पंड्या और शिवम दुबे की जोड़ी ने एक बार फिर से भारतीय पारी को संभाला और तेजी के साथ रन जोड़े।

दोनों बल्लेबाजों के बीच पांचवें विकेट के लिए 81 रनों की साझेदारी हुई। हार्दिक ने 19वें ओवर की पहली गेंद पर छक्का लगाकर अपना अर्धशतक पूरा किया। वह अगली ही गेंद पर फिर से छक्का लगाने के प्रयास में बाउंड्री पर लपके गये। हार्दिक ने 28 गेंदों में चार चौके और चार छक्के लगाते हुए 52 रनों की पारी खेली।

इसी ओवर में शिवम दुबे 16 गेंदों में (23) रनआउट हुये। आखिरी ओवरों जब भारतीय बल्लेबाजों को रन बनाने चाहिए तो वे अपने विकेट गंवाते चले गये। रिंकू सिंह एक और अक्षर पटेल शून्य पर आउट हुये। भारतीय टीम ने निर्धारित 20 ओवरों में नौ विकेट पर 209 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। नामीबिया के लिए जेरार्ड इरास्मस ने चार विकेट लिये। बने शिकागो, जेजे स्मिट और बर्नार्ड शोल्ज ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया। 

 

संबंधित समाचार