बाराबंकी : बोर्ड परीक्षा कर्मियों को टोल टैक्स से मिलेगी मुक्ति, 110 केन्द्रों पर होगी परीक्षा, 13 संवेदनशील

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

बाराबंकी, अमृत विचार। हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट की परिषदीय परीक्षा-2026 को शुचितापूर्ण और नकलविहीन संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी की अध्यक्षता में गुरुवार को कलेक्ट्रेट स्थित लोकसभागार में दो पालियों में बैठक आयोजित की गई। परीक्षा 18 फरवरी से 12 मार्च 2026 तक आयोजित होगी।

बैठक में 13 संवेदनशील केंद्रों सहित जनपद के सभी 110 परीक्षा केंद्रों के केंद्र व्यवस्थापक, बाह्य केंद्र व्यवस्थापक, स्टैटिक मजिस्ट्रेट, 22 सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं 7 जोनल मजिस्ट्रेट उपस्थित रहे। प्रथम सत्र में उप नियंत्रक, राजकीय इंटर कॉलेज ने उत्तर पुस्तिकाओं के आवंटन, प्रश्नपत्र वितरण और परीक्षा उपरांत उत्तर पुस्तिकाओं को संकलन केंद्र पर जमा कराने संबंधी दिशा-निर्देश दिए।

जिला विद्यालय निरीक्षक ओपी त्रिपाठी ने गोपनीय सामग्री की सुरक्षा, स्ट्रांग रूम व्यवस्था, डबल लॉक अलमारी, 24 घंटे निगरानी, सीसीटीवी संचालन, इंटरनेट एवं पावर बैकअप की अनिवार्यता सहित परीक्षा से जुड़े अधिकारियों के दायित्वों पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने केंद्रों पर मिश्रित बैठक व्यवस्था, प्रश्नपत्रों की सुरक्षा तथा ‘क्या करें और क्या न करें’ के निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने को कहा।

अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी ने परीक्षा अवधि में केंद्रों पर शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने का आश्वासन दिया। डीएम ने स्पष्ट किया कि परीक्षा कार्य में लगे सभी अधिकारी एवं कर्मचारी नियमों का भली-भांति अध्ययन कर उनका अनुपालन सुनिश्चित करें। किसी भी प्रकार की शिथिलता पाए जाने पर त्वरित विधिक कार्रवाई की जाएगी।

डीएम ने विद्युत विभाग को परीक्षा अवधि में बिजली कटौती न करने के निर्देश दिए गए तथा परीक्षा केंद्रों के आसपास अनावश्यक भीड़ रोकने, संवेदनशील केंद्रों का नियमित निरीक्षण सुनिश्चित करने और परीक्षा ड्यूटी में लगे कर्मियों को टोल टैक्स से छूट के लिए आश्वस्त किया। उधर राज्य स्तरीय पर्यवेक्षक प्रतिमा सिंह ने जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में स्थापित कंट्रोल रूम का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की। इसके अलावा उन्होंने संकलन केंद्रों का औचक निरीक्षण भी किया।

संबंधित समाचार