पार्कों के आय-व्यय की रिपोर्ट दें LDA-स्मारक समितियां... समीक्षा बैठक में मंडलायुक्त ने नियमित मॉनीटरिंग के दिए निर्देश
कहा, लाइटें, फव्वारे और अन्य उपकरण तत्काल ठीक कराएं
आयुक्त कार्यालय में एलडीए एवं स्मारक समिति द्वारा संचालित पार्कों की बैठक करते मंडलायुक्त विजय विश्वास पंत।
लखनऊ, अमृत विचार : मंडलायुक्त विजय विश्वास पंत ने शुक्रवार को आयुक्त कार्यालय में लखनऊ विकास प्राधिकरण एवं स्मारक समिति की ओर से संचालित पार्कों के संबंध में बैठक की। इसमें रख-रखाव, क्रिया कलापों एवं संचालन पर जोर दिया। निर्देश दिए कि पार्कों की नियमित मॉनिटरिंग के साथ खराब लाइटें, फव्वारे और अन्य उपकरण तत्काल ठीक कराएं। प्रत्येक पार्क की आय एवं व्यय का विवरण उपलब्ध कराएं।
बैठक में प्रमुख पार्कों जननेश्वर मिश्र पार्क, डॉ. भीमराव अंबेडकर सामाजिक परिवर्तन स्थल, राम मनोहर लोहिया पार्क, गोमती रिवर फ्रंट पार्क आदि पार्कों के रख-रखाव, स्वच्छता, सुरक्षा व्यवस्था, हरित क्षेत्र के संरक्षण, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, शौचालयों की स्थिति एवं आगंतुक सुविधाओं पर विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया गया। मंडलायुक्त ने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था को और प्रभावी बनाएं। सीसीटीवी कैमरों के साथ आगंतुकों की सुविधा के लिए स्पष्ट सूचना पट्ट एवं दिशा सूचक बोर्ड लगाएं जाएं। बच्चों के खेल उपकरणों एवं ओपन जिम की नियमित जांच करके मरम्मत कराएं। हरित पट्टियों की सिंचाई व्यवस्था सुदृढ़ रखते हुए पौधारोपण अभियान को प्राथमिकता दें।
रिपोर्ट से वास्तविक वित्तीय स्थिति का करेंगे आकलन
मंडलायुक्त ने सचिव विवेक श्रीवास्तव को निर्देश दिए कि प्रत्येक पार्क की आय एवं व्यय का विस्तृत विवरण तैयार करके प्रस्तुत करें। पार्कों से होने वाली कुल आय जैसे प्रवेश शुल्क, पार्किंग शुल्क, आयोजन शुल्क आदि तथा उसके व्यय जैसे रख-रखाव, विद्युत, जल, सुरक्षा, मानव संसाधन आदि मदों की समेकित समरी प्रस्तुत करें। इससे वास्तविक वित्तीय स्थिति का आकलन किया जा सके। इसके अतिरिक्त ओपन जिम, बच्चों के खेल उपकरण, फव्वारे, लाइटिंग व्यवस्था, शौचालय, पेयजल, सुरक्षा व्यवस्था, हरित क्षेत्र का रख-रखाव, सांस्कृतिक/सामुदायिक कार्यक्रमों की विस्तृत विवरण भी तैयार करके रिपोर्ट दें। स्पष्ट किया कि रिपोर्ट तथ्यपरक, अद्यतन एवं तुलनात्मक विश्लेषण सहित हो, जिससे सुधारात्मक निर्णय लिए जा सकें।
