बरेली: सड़क पर खड़े वाहन और रेता-बजरी दे रहे हादसों को न्योता
अमृत विचार, बरेली। सर्दी में कोहरे की वजह से हादसे बढ़ जाते हैं। घने कोहरे में सड़क पर कोई वाहन खड़ा हो या फिर रेता बजरी पड़ी हो तो हादसा होना तय है। शहर में कुछ इसी तरह के हालात हैं। कहीं भी वाहन खड़े हो रहे हैं तो कहीं भी रेता बजरी पड़ी हुई …
अमृत विचार, बरेली। सर्दी में कोहरे की वजह से हादसे बढ़ जाते हैं। घने कोहरे में सड़क पर कोई वाहन खड़ा हो या फिर रेता बजरी पड़ी हो तो हादसा होना तय है। शहर में कुछ इसी तरह के हालात हैं। कहीं भी वाहन खड़े हो रहे हैं तो कहीं भी रेता बजरी पड़ी हुई है। ट्रैफिक पुलिस सिर्फ दिन में ड्यूटी करती है। रात में थानों की पुलिस गश्त करती है लेकिन कोई भी सड़क किनारे खड़े वाहनों को हटाने का जिम्मा नहीं उठाती है।
रात में सड़क किनारे वाहन खड़े होते हैं और डिपर न जलने से पीछे से आ रहे वाहन को कुछ दिखाई नहीं देता है। इसकी वजह से हादसा हो जाता है। सबसे ज्यादा दिक्कत शहर के आउटर एरिया में होती है क्योंकि यहां वाहनों की रफ्तार भी तेज होती है और कोहरा भी अधिक हो जाता है। सड़क किनारे वाहन रोकने के नियम होते हैं लेकिन नियमों का पालन नहीं होता है। शहर में भारी वाहनों पर दिन में रोक लगी है।
इसके बावजूद वाहन सड़क किनारे खड़े रहते हैं। रात में भी शहर की अधिकांश सड़कों के किनारे ट्रक या बस खड़ी रहती हैं। इन पर किसी तरह की कोई रोक नहीं लग रही है। ट्रैफिक पुलिस कुछ दिन अभियान चलाती है लेकिन बाद में सब ढांक के तीन पात हो जाता है। शहर की अधिकांश सड़कों पर रेता-बजरी फैली हुई है। कारोबार करने वालों ने जगह-जगह सड़क पर कब्जा कर रखा है। नगर निगम कई बार अभियान चलाने के बड़े-बड़े दावे कर चुका है लेकिन सड़क से रेता बजरी नहीं हट सकी है। मुख्यमंत्री शहर में आए तो कुछ सीमित सड़क से कब्जे हटाए गए लेकिन उसके बाद से फिर से वही हाल हो गया है। सड़क किनारे पड़ी रेता बजरी मुख्य सड़क पर फैल जाती है। इसकी वजह से वाहन फिसलने का डर बना रहता है।
पुलिस ने जारी किया अलर्ट
घने कोहरे की वजह से ट्रैफिक पुलिस ने अलर्ट जारी किया है। बरेली ट्रैफिक पुलिस ने रविवार को सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर की है। इसमें लिखा है कि वातावरण में घना कोहरा छाया है। विजिबिलिटी काफी कम है। चालक वाहन चलाते समय यातायात नियमों का पालन करें। लेन बदलते समय संकेतकों का प्रयोग करें। फॉग लाइट का प्रयोग अवश्य करें। ऐसा करने से होने वाले जान व माल दोनों को होने वाली क्षति को रोका जा सकता है। यूपी पुलिस की ओर से भी एक वीडियो शेयर किया गया है। इसमें घने कोहरे की वजह से सावधानियां बरतने के लिए कहा है। इसमें कोहरे की वजह से हुए हादसों में हुई मौत के आंकड़े दिए गए हैं।
