Bareilly: प्यार पर पहरा...पार्कों में प्रेमियों पर रही पुलिस की पैनी नजर
बरेली, अमृत विचार। वैलेंटाइन डे के मौके पर बरेली का रंग इस बार रोमांस का नहीं, बल्कि सुरक्षा और सख्ती का रहा। शहर के प्रमुख पार्कों और रेस्टोरेंट में पुलिस प्रशासन ने दिनभर सख्त निगरानी रखी। पिछले दिनों राजेंद्रनगर के एक कैफे में छात्रा के साथ हुई मारपीट की घटना ने प्रशासन की नींद उड़ा दी थी, इसके चलते वैलेंटाइन डे पर विशेष सतर्कता बरती गई।
शहर के गांधी उद्यान, फूलबाग पार्क और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर विशेष गश्त और चेकिंग अभियान चलाया गया। गांधी उद्यान के म्यूजिक फाउंटेन और भूल-भुलैया क्षेत्र में खुद कोतवाली इंस्पेक्टर सुरेश चंद्र गौतम मौजूद रहे और हालात का जायजा लिया। पार्कों के बाहर सादे कपड़ों में भी पुलिसकर्मी तैनात थे, ताकि किसी भी अनुचित गतिविधि या अश्लील हरकत को तुरंत रोका जा सके। पुलिस ने बजरंग दल और अन्य हिंदू संगठनों की गतिविधियों पर भी निगरानी रखी गई।
एसएसपी अनुराग आर्य ने साफ कहा कि किसी भी प्रकार की गुंडागर्दी या कपल को परेशान करना कतई बर्दाश्त नहीं होगा। शहर के गांधी उद्यान, फूलबाग और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर पूरे दिन पुलिस पैदाल और गाड़ियों सेगश्त करती दिखी। पार्कों के बाहर भी कड़ा सुरक्षा बंदोबस्त रखा गया, ताकि शहर में किसी भी तरह की अफरा-तफरी या अनुचित हरकत को रोका जा सके। कहा जा रहा है कि बीते 28 दिसंबर को राजेंद्रनगर स्थित एक कैफे में अपना जन्मदिन मना रही छात्रा और उसके दोस्तों के साथ कुछ युवकों ने मारपीट की थी। यह घटना खासी चर्चित रही थी। इसी के बाद से पुलिस ने त्योहारों और विशेष मौकों पर अतिरिक्त सतर्कता बरतने का निर्णय लिया।
इसके अलावा पुलिस ने पार्कों और सार्वजनिक स्थलों पर आने वाले युवाओं से अपील की कि वे मर्यादा बनाए रखें। साथ ही किसी भी अनुचित व्यवहार की सूचना तुरंत पुलिस को दें। कोतवाली इंस्पेक्टर सुरेश चंद्र गौतम ने बताया कि कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया। पार्कों में मोबाइल पेट्रोलिंग, पैदल गश्त और सीसीटीवी कैमरों की मदद से सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया गया। फिलहाल, किसी भी तरह की बदतमीजी की सूचना शाम तक नहीं मिली है।
