Mathura News : देवर ने धारदार हथियार से काटा भाभी का गला, खुद भी किया सुसाइड का प्रयास, जानें पूरा मामला

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

मथुरा। उत्तर प्रदेश में मथुरा जिले के नौहझील क्षेत्र के गांव बाघई कटैलिया में रविवार सुबह एक युवक ने अपनी ही भाभी की धारदार हथियार से गला काट कर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने उसी हथियार से अपनी भी जीवनलीला समाप्त करने की कोशिश की। पुलिस ने बताया कि आज सुबह करीब 8:30 बजे ज्वाला प्रसाद के 23 वर्षीय बेटे दीपक का अपनी 20 वर्षीय भाभी करिश्मा (पत्नी प्रमोद) के साथ किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। 

देखते ही देखते झगड़ा इतना बढ़ गया कि दीपक ने आपा खो दिया। उसने घर में रखे धारदार हथियार से करिश्मा के गले पर वार कर उसे मौत के घाट उतार दिया। भाभी की हत्या करने के तुरंत बाद दीपक ने उसी लहूलुहान हथियार से अपना भी गला रेत लिया। जब परिजन कमरे में पहुंचे, तो वहां का नजारा देख उनके होश उड़ गए। दोनों जमीन पर खून से लथपथ पड़े थे। 

परिजनों ने आनन-फानन में स्थानीय पुलिस को सूचित किया और दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) नौहझील ले गए। हालांकि, डॉक्टरों ने करिश्मा को मृत घोषित कर दिया। वहीं, दीपक की हालत अत्यंत नाजुक होने के कारण उसे प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल भेजा गया, जहां से डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए आगरा रेफर कर दिया है। दीपक की स्थिति अभी भी गंभीर बनी हुई है। 

घटना की सूचना मिलते ही एसएसपी श्लोक कुमार, एसपी देहात सुरेश चंद्र रावत, सीओ संदीप सिंह और थाना प्रभारी सोनू सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए हैं। थाना प्रभारी ने बताया कि "शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। अभी तक हत्या के स्पष्ट कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस परिजनों से पूछताछ कर रही है और मामले की गहनता से जांच जारी है।"  

संबंधित समाचार