Moradabad: धूप से दिन में तपिश, शाम ढलते ही ठंड का अहसास
मुरादाबाद, अमृत विचार। शनिवार को भी मौसम साफ रहा। सुबह से ही तेज धूप निकलने से लोगों को सर्दी से राहत मिली। दिन चढ़ने के साथ धूप की तपिश भी बढ़ती गई, जिससे दोपहर के समय हल्की गर्मी का अहसास होने लगा। छतों और पार्कों में धूप सेंकने बैठे लोग कुछ देर बाद गर्मी महसूस करने लगे और कई लोगों को हल्के गर्म कपड़े उतारने पड़े।
हालांकि सुबह के समय ठंडी हवा से सिहरन बनी रही। दोपहर में बाजारों और सड़कों पर चहल-पहल बढ़ी और लोग मौसम का आनंद लेते नजर आए। पार्कों में बच्चों की आवाजाही बढ़ी तो वहीं बुजुर्गों ने धूप सेकीं। मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
तापमान में बढ़ोतरी के बावजूद सुबह और रात में ठंड का असर बरकरार है। दिन ढलते ही हवा में फिर से ठंडक घुल गई और लोगों को गर्म कपड़ों का सहारा लेना पड़ा। मौसम में यह उतार-चढ़ाव अभी कुछ दिन और बना रह सकता है। ऐसे में लोगों को सुबह और रात के समय सावधानी बरतने और बदलते मौसम के अनुरूप कपड़े पहनने की सलाह दी गई है।
