Bareilly: सुपरवाइजर के विरोध पर कान्हा गोशाला के गेट पर हंगामा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली/सीबीगंज, अमृत विचार। अखिल भारतीय गौ रक्षा परिषद के कार्यकर्ता शनिवार को सीबीगंज क्षेत्र की कान्हा गोशाला (नदौसी) का निरीक्षण करने पहुंचे। सुपरवाइजर के गेट पर रोकने पर कार्यकर्ता भड़क गए और अनिश्चितकालीन धरने पर बैठ गए। पुलिस-प्रशासन के समझाने के बाद भी वे नहीं माने और देर शाम तक गोशाला के गेट पर धरने पर बैठे रहे।

परिषद के अध्यक्ष हेमंत गंगवार ने कहा कि संगठन ने पहले ही जिलाधिकारी अविनाश सिंह को लिखित सूचना देकर सीबीगंज के नदौसी, फतेहगंज पश्चिमी और मीरगंज स्थित गोशालाओं के निरीक्षण की जानकारी दी थी, लेकिन सुपरवाइजर ने उन्हें गेट पर रोक दिया। गेट पर कर्मचारियों के रवैये और नोकझोंक ने स्थिति को और तनावपूर्ण बना दिया। कार्यकर्ताओं ने गोशाला गेट पर इकट्ठा होकर संयुक्त रूप से धरना शुरू किया तो ग्रामीण भी बड़ी संख्या में समर्थन देने के लिए पहुंच गए। 

मौके पर सीओ द्वितीय सोनाली मिश्र, इंस्पेक्टर सीबीगंज प्रदीप कुमार चतुर्वेदी और अन्य प्रशासनिक अधिकारी पहुंचे। इस दौरान कार्यकर्ता अपनी मांगों पर अड़े रहे। मुख्य मांगों में गोशाला के सुपरवाइजर विजय और अन्य कर्मचारियों को हटाना, गोशाला प्रबंधन को हिंदू संगठनों के हवाले करना, गोशाला में मछली और कुत्तों का पालन बंद कराना, पूर्व केयरटेकरों की बहाली और बकाया मजदूरी दिलाना शामिल है। इसके अलावा, नगर निगम की सभी गोशालाओं में गोरक्षक संगठनों, हिंदू संगठनों और मीडिया कर्मियों को बिना रोक-टोक प्रवेश की अनुमति देने की मांग भी की गई। प्रशासन फिलहाल वार्ता के प्रयास कर रहा है। कार्यकर्ता गोशाला गेट पर धरने पर बैठे हुए हैं।

 

संबंधित समाचार