गोरखपुर में शादी समारोह में आई आठ वर्षीय बच्ची के साथ दुष्कर्म, आरोपी गिरफ्तार
गोरखपुर। गोरखपुर जिले के पीपीगंज थाना इलाके में एक शादी समारोह में परिजनों संग शामिल होने आई आठ वर्षीय बच्ची के साथ कथित तौर पर एक युवक ने दुष्कर्म किया। आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, आठ वर्षीय बच्ची अपनी दादी के साथ शादी समारोह में शामिल होने के लिए अपने ननिहाल पीपीगंज इलाके में आई थी।
पुलिस ने बताया कि शुक्रवार देर रात बच्ची अचानक लापता हो गई और उसकी तलाश शुरू की गई। उसने बताया कि कार्यक्रम की ड्रोन रिकॉर्डिंग की फुटेज देखने पर, बच्ची को एक स्थानीय युवक के साथ जाते हुए देखा गया। पुलिस के मुताबिक, बच्ची कुछ घंटों बाद आयोजन स्थल से लगभग 200 मीटर दूर एक सुनसान जगह पर मिली और वह गंभीर रूप से घायल और खून से लथपथ थी।
पुलिस ने बताया कि बच्ची को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उसकी हालत गंभीर होने के कारण, डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल और बाद में मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। चिकित्सा अधिकारियों ने बच्ची की हालत गंभीर बताई है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी की पहचान अशोक निषाद उर्फ टुनटुन (20) के तौर पर हुई है। पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) अनुराग सिंह ने बताया कि दुष्कर्म और यौन अपराधों से बाल संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम के तहत आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
