मां पाटेश्वरी देवी राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज को मिला प्रदेश में सातवां स्थान,SIRF ranking में कालेज को मिले 184 अंक

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

गोंडा, अमृत विचार: जिले के मां पाटेश्वरी देवी राजकीय इंजीनियरिंग कालेज को स्टेट इंस्टीट्यूशनल रैंकिंग फ्रेमवर्क(एसआईआरएफ) में बड़ी उपलब्धि हासिल हुई है। संस्थान ने उत्तर प्रदेश के राजकीय इंजीनियरिंग संस्थानों में 7वां स्थान प्राप्त किया है। यह रैंकिंग प्रदेश सरकार के प्राविधिक शिक्षा विभाग की तरफ से जारी की गयी है। 

मां पाटेश्वरी देवी राजकीय इंजीनियरिंग कालेज में इस समय 320 छात्र छात्राएं पढाई कर रहे हैं। कालेज में बी टेक, इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग, कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग, मैकेनिकल इंजीनियरिंग व सिविल इंजीनियरिंग के कोर्स संचालित हैं।

स्टेट इंस्टीट्यूशनल रैंकिंग फ्रेमवर्क के अंतर्गत संस्थानों का मूल्यांकन फैकल्टी गुणवत्ता एवं सहभागिता, अधोसंरचना, सह-पाठ्यक्रम एवं अतिरिक्त गतिविधियां, परीक्षा एवं मूल्यांकन सुधार, प्रयोगशाला उत्पादकता, कार्यशालाएं व सेमिनार, डिग्री परिणाम, शोध प्रकाशन व परियोजनाएं, परिसर एवं प्लेसमेंट गतिविधियां तथा स्टार्ट-अप व नवाचार जैसे मानकों पर किया जाता है। 

प्राविधिक शिक्षा विभाग की तरफ से कराए गए मूल्यांकन में कालेज को कुल 184 अंक मिले हैं। इस अंक के आधार पर कालेज को प्रदेश में 7वीं रैंक मिली है।  राज्य स्तर पर 7वीं रैंक प्राप्त करना संस्थान की शैक्षणिक उत्कृष्टता, शोध संस्कृति, आधुनिक अधोसंरचना और छात्र-केंद्रित गतिविधियों का प्रमाण माना जा रहा है। 

संस्थान प्रशासन ने इसे सामूहिक प्रयासों का परिणाम बताया है। संस्थान ने इस उपलब्धि के लिए निदेशक प्रो. भरतेंदु नाथ मिश्रा, समस्त शिक्षकों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों एवं सभी हितधारकों के प्रति आभार व्यक्त किया है। अधिष्ठाता शैक्षणिक मारुत नंदन त्रिपाठी ने बताया कि कॉलेज भविष्य में भी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, नवाचार, अनुसंधान और समग्र विकास को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि संस्थान राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित करने की दिशा में निरंतर अग्रसर रहेगा।

ये भी पढ़ें : 
महाशिवरात्रि पर शिवमय हो उठी काशी, भूत-प्रेत संग निकली महादेव की भव्य बारात  

 

संबंधित समाचार