अयोध्या : पुलिस ने पकड़ी फर्जी STF-SOG टीम, सरगना समेत दो गिरफ्तार
अयोध्या कार्यालय, अमृत विचार : थाना कैंट व एसओजी टीम ने फर्जी एसओजी व एसटीएफ टीम बनकर यात्रियों व व्यापारियों को अगवा कर लूट की वारदात करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के दो बदमाशों को गिरफ्तार करने में सफलता पाई है। पुलिस के अनुसार इस गिरोह में कुल सात बदमाश है, जिनमें से एक बस्ती जेल में बंद है। बाकी चार की तलाश की जा रही है। इस गिरोह ने 27 जनवरी को थाना कैंट इलाके में एक युवक को अपनी गाड़ी में बंधक बनाकर उससे 50 हजार नकद, सोने की चेन, चांदी का कड़ा व आईफोन लूट लिया था। पकड़े गए दोनों आरोपियों के पास से यह सामान बरामद हुआ है।
पुलिस लाइन सभागार में रविवार को पत्रकारों से वार्ता करते हुए एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर ने बताया कि 27 जनवरी की रात 8:30 बजे उमेश कुमार मिश्रा निवासी शांति नगर कॉलोनी सहादतगंज अपने घर से थोड़ी दूर मुमताज नगर औद्योगिक क्षेत्र के पास अपनी एसयूवी से उतरकर एक पान की गुमटी पर कुछ सामान लेने गए थे। जब वह वापस अपनी गाड़ी के पास पहुंचे तो 6-7 लोगों ने उन्हें असलहे के बल पर बंधक बनाते हुए अपनी गाड़ी में बैठा लिया था। आरोपी करीब 2 घंटे तक उन्हें अपने वाहन में घुमाते रहे, उसके बाद उनके पास रखा 50 हजार रुपये, सोने की चेन, चांदी का कड़ा व आईफोन लूट ले गए। मामले में थाना कैंट पुलिस केस दर्ज कर जांच कर रही थी। थाना कैंट पुलिस टीम ने रविवार की सुबह आरोपी सौरभ पाण्डेय निवासी भर्ती का पुरवा रामगढ़, थाना छावनी जनपद बस्ती व महेश सिंह निवासी पिण्डारा थाना मुसाफिरखाना जनपद अमेठी को गोरखपुर - लखनऊ हाईवे किनारे अब्बूसराय गांव से गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से दो तमंचा, लूटी गई चेन और चांदी का कड़ा, 50 हजार नकद व घटना में प्रयुक्त कार बरामद हुई।
गिरोह के सभी बदमाश बस्ती के
इस गिरोह में सात बदमाश हैं। चार आरोपी अनुज प्रताप सिंह उर्फ मुरारी निवासी नगरा पूर्वी, बदली थाना छावनी, बस्ती, राजकुमार यादव निवासी जितीपुर थाना परसुरामपुर, बस्ती, विनोद वर्मा निवासी बांसगाव थाना हर्रैया जनपद बस्ती व राम जनम उर्फ सोनू चौधरी निवासी अजगरा बांसगाव थाना हर्रैया जनपद बस्ती की तलाश की जा रही है। घटना करने वाला सातवां आरोपी आदित्य चौधऱी निवासी देवकाली रानी थाना छावनी जनपद बस्ती को हाल ही में बस्ती पुलिस ने पकड़कर जेल भेजा है।
पहले करते थे हाईवे पर खड़ी ट्रकों से डीजल चोरी
आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि पहले वह हाईवे किनारे ढाबों पर खड़े ट्रकों से डीजल चोरी करते थे। कई बार पकड़े जाने के बाद अब अपहरण कर लूट की घटना करने लगे। बताया कि वह दूसरों की गाड़ी मांग कर एक साथ 5 से 6 लोग चलते हैं तथा किसी व्यापारी अथवा चार पहिया वाहन वाले अकेले यात्री को टारगेट करते हैं, जिनके पास काफी पैसे होने की संभावना रहती है। मौका देखकर उन्हें जबरन गाड़ी में बैठाकर मारपीट कर एवं असलहा दिखाकर भय में लेकर उनके पास से कीमती जेवरात, मोबाइल फोन, एवं नगदी लूट लेते थे। अपने आप को पुलिस अधिकारी, एसओजी, एसटीएफ टीम बताकर बंधक व्यक्ति के मोबाइल फोन से उसके रिशतेदारों को फोन कराकर खाते में रुपये मंगाकर निकाल लेते थे। एसएसपी के अनुसार इस गिरोह का सरगना महेश सिंह है, इसके खिलाफ अयोध्या, अमेठी व बस्ती समेत अन्य जिलों में 25 से ज्यादा मुकदमे दर्ज हैं। उसके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई की गई है। अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस टीम लगी हुई है।
