UP: नशीला पदार्थ देकर मासूम से कुकर्म और मारपीट, मौत के बाद परिवार में कोहराम
मिलक, अमृत विचार। मिलक क्षेत्र के एक गांव में मासूम के साथ नशीला पदार्थ देकर कुकर्म और मारपीट का मामला सामने आया है। इस कृत्य के बाद मासूम की इलाज के दौरान मौत हो गई। जिससे परिवार में कोहराम मच गया।
कोतवाली क्षेत्र के उदयपुर जागीर गांव निवासी 7 वर्षीय मासूम घर से दुकान पर सामान लेने के लिए निकला था। कुछ देर बाद बेहोशी की हालत में साथी बच्चे उसे लेकर घर पहुंचे तो उनके होश उड़ गए। आनन फानन में परिजन मासूम को लेकर शाहबाद स्थित सीएचसी लेकर पहुंचे। जहां डॉक्टरों ने बताया कि मासूम के साथ कुकर्म किया गया है और पुलिस केस बता कर उस समय दवाई दे दी। लेकिन इलाज के दौरान मासूम की मौत हो गई।
मासूम के पिता ने आरोप लगाया कि गांव निवासी युवक द्वारा उसे नशीला पदार्थ खिलाकर जंगल में ले जाकर उसके साथ मारपीट की और उसके साथ कुकर्म किया है। जिससे उसके पुत्र की मौत हो गई। देर रात वह पुत्र को लेकर कोतवाली पहुंचे जहां उन्होंने पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी। मासूम के साथ कुकर्म की घटना से पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। पुलिस परिजनों के साथ मासूम को लेकर नगर के सरकारी अस्पताल पहुंची।
जहां मौजूद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जिसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवा दिया। एएसपी अनुराग सिंह ने बताया कि 7 वर्षीय मासूम की मौत हो गई थी। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया गया है। पीएम रिपोर्ट आने के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। परिजनों की ओर से तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर के बाद कार्रवाई की जाएगी।
