गौतमबुद्धनगर : महाशिवरात्रि पर कुट्टू के आटे के सेवन से कई लोग बीमार, जानिए क्या बोले डॉक्टर

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

ग्रेटर नोएडा वेस्ट। उत्तर प्रदेश में जिला गौतमबुद्धनगर परिक्षेत्र ग्रेटर नोएडा में महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर कुट्टु के आटे के सेवन के बाद कई लोगों की तबियत बिगड़ गयी। बिसरख थाना क्षेत्र की तीन प्रमुख हाउसिंग सोसायटियों, हिमालय प्राइड, रॉयल कोर्ट और सुपरटेक इकोविलेज तीन में कुट्टू का आटा खाने के बाद कई लोगों की तबीयत बिगड़ गई। 

घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार रविवार को यहां तीन सोसायटियों में रहने वाले लोगों ने व्रत के लिए अपनी-अपनी सोसायटी परिसर में स्थित दुकानों से कुट्टू का आटा खरीदा था। आटे से बने पकवान खाने के बाद देर रात कई लोगों को उल्टी, दस्त, पेट दर्द और चक्कर आने जैसी शिकायतें होने लगीं। हालत बिगड़ने पर कुछ लोगों को निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। 

डॉक्टरों के मुताबिक सभी मरीजों की स्थिति फिलहाल सामान्य है और कुछ को उपचार के बाद छुट्टी भी कर दे दी गयी। मामले की जानकारी प्राप्त होते ही बिसरख थाना पुलिस द्वारा कार्रवाई की गई। पुलिस ने सोमवार को जानकारी देते हुए बताया गया कि सुपरटेक इकोविलेज तीन सोसायटी में करीब पंद्रह लोग फूड प्वाइजनिंग जैसी शिकायतों से पीड़ित बताए जा रहे हैं, जबकि हिमालय प्राइड और रॉयल कोर्ट सोसायटी के भी कई निवासियों की तबीयत अचानक खराब हुई। 

प्राथमिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि व्रत में इस्तेमाल किया गया कुट्टू का आटा खराब या मिलावटी हो सकता है। मामले की सूचना मिलते ही थाना बिसरख पुलिस ने जिन दुकानों से आटा खरीदा गया था, उनके विक्रेताओं को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। खाद्य विभाग की टीम के साथ मिलकर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। संबंधित आटे के सैंपल जांच के लिए भेजे जा रहे हैं। 

सोसायटी निवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और त्योहारों के दौरान बिकने वाले खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की नियमित जांच सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। प्रशासन की ओर से लोगों से अपील की गई है कि यदि किसी को अस्वस्थता महसूस हो तो तुरंत चिकित्सकीय परामर्श लें। फिलहाल मामले की जांच जारी है। 

संबंधित समाचार